Agra Weather Forecast: ताजनगरी में सितंबर में जून जैसा मौसम का सितम
Agra Weather शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप निकली उमस भी बढ़ी। रविवार को मिल सकती है राहत।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में सितंबर के महीने में मौसम जून जैसा सितम ढहा रहा है सामान्य से भी कम बारिश होने के चलते गर्मी के मारे हाल बुरा हो चला है। तापमान उछाल ले रहा है और बढ़ती उमस पसीने से बेहाल कर रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया है। दोपहर में अगर घर से निकल जाओ तो झुलसन सी महसूस हो रही है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर आ चुका है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
आगरा में सितंबर में गर्मी का जून जैसा सितम देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री से अधिक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 सितंबर से बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। इससे पहले गुरुवार को भी सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज होती गई। दोपहर 12 से तीन बजे तक तेज धूप से गर्मी और उमस बढ गई। सितंबर के महीने में जून की गर्मी का अहसास होने लगा, धूप में पसीना टपकता रहा। शाम को भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26 डिग्री रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार और शनिवार को तेज धूप निकलेगी, इससे तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। 13 सितंबर से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। 16 सितंबर तक बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है, इससे तापमान में गिरावट आएगी।
बारिश का हाल
जुलाई में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक 54 एमएम बारिश
अगस्त में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक बारिश 85 एमएम
सितंबर में 30 मिनट में बारिश 45 एमएम