Agra Weather Forecast: ताजनगरी में सताने लगी गर्मी, सुबह का पारा 26 डिग्री पार
Agra Weather आगरा में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान पहुंचेगा 44 डिग्री सेल्सियस के करीब। सुबह से ही धूप है चुभती हुई। बीच बीच में बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी भी है जारी।
आगरा, जागरण संवाददाता। गुरुवार सुबह से ही आगरा में गर्मी से लोग बेहाल हैं। तेज धूप में खडा होना मुश्किल हो गया है, पसीना टपक रहा है। गुरुवार को सुबह का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज हो गई, पसीना निकलने लगा। 10 बजे के बाद गर्म हवा चलने लगी है, इससे लोग परेशान हैं। तेज धूप है। न्यूनतम तापमान सामान्य 24 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
2 मई को हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी तेज धूप निकलेगी, इससे अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। एक मई को भी धूप से लोग परेशान रहेंगे। 2 मई से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी। तीन मई से तेज धूप निकलेगी और न्यूनतम तपमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम में हो रहा बदलाव
मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। अधिकतम और तापमान में उतार चढाव के चलते अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखे। गर्मी में अत्यधिक ठंडा पानी न पीएं। एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के डा मनीष बंसल ने बताया कि इस मौसम में सर्दी जुकाम और बुखार की समस्या ज्यादा हो रही है। इसलिए गर्मी में ज्यादा ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें।