Agra Weather Forecast: आगरा में बारिश पर अब ब्रेक नहीं, जुलाई बीतेगी भीगते हुए
Agra Weather आगरा में गुरुवार सुबह से भी हुई हल्की बारिश। दोपहर में तेज बारिश का अनुमान। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम दर्ज। मौसम विभाग ने दो अगस्त तक जताई है शहर पर मानसून के मेहरबान रहने की संभावना।
आगरा, जागरण संवाददाता। देर आये पर दुरुस्त आए वाली कहावत आगरा में मानसून पर चरितार्थ हो रही है। गर्मी, उमस और पसीने में लंबा इंतजार कराने के बाद राहत के बादल जो यहां बरसे हैं, उन्होंने एक ही दिन में धरती की गर्मी को शांत कर दिया है। बुधवार को दिन भर में 57.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसने आगरा की जरूरत को काफी हद तक पूरा कर दिया है। गुरुवार को भी सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, बादल छाए हुए हैं। दोपहर में तेज बारिश का अनुमान है।
आगरा में मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का क्रम गुरुवार को भी जारी है। बुधवार पूरा दिन बारिश होते रहने के बाद गुरुवार सुबह भी बारिश की झड़ी लगी। गुरुवार सुबह नौ बजे के बाद बारिश रुकी है लेकिन आइएमडी का कहना है कि दोपहर में फिर बारिश होगी, साथ ही इसके तेज होने का भी अनुमान है। इधर आज सुबह न्यूनतम तापमान 25.1 दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान आज 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस गिरकर 27 डिग्री के करीब आ गया था। यानि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में महज दो डिग्री का ही अंतर रह गया। मानसून के मौसम का लोग भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं शहर के ज्यादातर इलाकों में जलभराव होने से लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ीं।
दो अगस्त तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार शाम तक बारिश हो सकती है, शुक्रवार को भी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने दो अगस्त तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। विशेष तौर पर 31 जुलाई तक अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।