आगरा में सुबह कोहरा छाने के बाद निकली धूप, कल से बदलेगा मौसम
Agra Weather आगरा में सोमवार सुबह कोहरा और अच्छी ओस रही। सुबह गलन का अहसास भी होता रहा लेकिन नौ बजे के बाद अच्छी धूप निकल आई है और आज हवा भी नहीं चल रही है। पांच और छह जनवरी को हो सकती है बारिश।
आगरा, जागरण संवाददाता। सुबह कोहरा छाने के बाद सोमवार को धूप निकल आई है, इससे मौसम अच्छा हो गया है। हालांकि, सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार से मौसम बदल जाएगा, बुधवार और गुरुवार को बारिश की आशंका है।
सुबह शीतलहर चलने के साथ ही कोहरा छाया रहा, सुबह सुबह लोग सर्दी में टहलने नहीं गए। नौ बजे के बाद धूप में गर्माहट आ गई। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किय गया। 10 बजे के बाद धूप और तेज हो गई है। दोपहर में धूप तेज होने से सर्दी से राहत मिलेगी।
15 जनवरी तक रहेगी सर्दी
नए साल में कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट आएगी, पांच जनवरी से मौसम बदल जाएगा और बारिश हो सकती है। 15 जनवरी तक सर्दी लोगों को परेशान करेगी। दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण विशेषज्ञ डा. रंजीत कुमार ने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में सर्दी अधिक रहती है, घना कोहरा छाने से सर्दी और बढ़ जाती है। इस बार भी जनवरी में सर्दी अधिक पड़ेगी, चार जनवरी तक सुबह और रात को कोहरा छाएगा। पांच जनवरी को मौसम बदल सकता है, बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है। छह जनवरी को भी बादल छाए रह सकते हैं। इससे न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सात जनवरी से सुबह कोहरा छाएगा। 15 जनवरी के बाद सर्दी कम होने लगेगी।