आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में सुबह से ही तेज धूप निकल आई है, इससे शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में धूप और तेज हो जाएगी। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी वृद्धि होगी। अभी तक न्यूनतम की तुलना में अधिकतम तापमान ज्यादा नीचे बना हुआ था।
दो दिन से मौसम का मिजाज बदल गया था, बादल छाने के साथ ही सर्द हवा चल रही थी। ऐसे में शनिवार सुबह से ही धूप निकल आई है। सुबह नौ बजे के बाद धूप तेज होने लगी, 10 बजे के बाद गर्माहट और बढ़ गई। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम होकर 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
आठ दिसंबर को बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी ऐसा ही मौसम रहेगा, रविवार सुबह कोहरा छा सकता है। मगर, तापमान में गिरावट नहीं आएगी। आठ दिसंबर को मौसम बदल सकता है। बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है। इससे सर्दी और बढ़ जाएगी।
a