Agra Weather Forecast: ताजनगरी में बादलों का डेरा लेकिन बारिश की आस नहीं हो रही पूरी
Agra Weather आगरा में मंगलवार सुबह निकली चटकती धूप। ठंडी हवा दे रही राहत।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में मंगलवार सुबह से चटकती धूप निकली है। इसके बीच बादलों ने भी डेरा जमाना शुरू कर दिया है। सूरज की लुकाछिपी चल रही है। सोमवार सूखा निकलने के बाद मंगलवार को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बादल छाएंगे लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है। हालांकि धूप निकल आने के बाद भी अध्िाकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हैं। आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उछाल दर्ज होगा।
सुबह से तेज धूप के साथ ही मंगलवार को उमस बढती जा रही है। रात को भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली थी। इससे अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। सुबह से तेज धूप निकली है, 10 बजे के बाद धूप तेज होती गई। सुबह 10 बजे ही तापमान 30 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। राहत की बात ये है कि हवा ठंडी है, इसलिए लोग थोड़ा चैन महसूस कर रहे हैं। आर्द्रता का स्तर इस समय 73 फीसदी पर है। यूवी इंडेक्स अत्यधिक ज्यादा है।
एक से छह सितंबर तक बादल छाएंगे
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक सितंबर को बादल छाने के साथ मामूली बारिश हो सकती है, दो सितंबर को भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने छह सितंबर तक बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, इससे तापमान में गिरावट आएगी।