Agra Weather Forecast: आगरा में सुबह हो रही ठंडी, दिन में धूप है तेज
Agra Weather आगरा में देर रात से लेकर सुबह सात बजे तक ठंडक हो रही है लेकिन दिन अब भी गर्म है। रात में शहर के बाहरी इलाकों में ओस भी देखने को मिलने लगी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस आंका गया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में अब रातें और सुबह ठंडे होने लगे हैं। शहर के बाहरी इलाकों में जहां हरियाली ज्यादा है, वहां रात में ओस भी पड़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है लेकिन ये अब भी सामान्य से अधिक है। इधर दोपहर में धूप परेशान कर रही है। तेज धूप के चलते ही उमस का भी अहसास हो रहा है। रात 11 बजे के बाद मौसम में ठंडक आ रही है और सुबह सात बजे तक रहती है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी हाल फिलहाल ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा।
सुबह हवा में ठंडक रही, सोमवार सुबह 10 बजे के बाद धूप तेज हो गई है। सुबह का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। मौसम का मिजाज बदल गया है, सुबह और रात में हवा में ठंडक है और दोपहर में तेज धूप निकल रही है। सुबह सात बजे तक हवा में ठंडक रही। आठ बजे के बाद धूप तेज होने लगी, 10 बजे के बाद तेज धूप निकलने से लोग परेशान रहे। गर्मी बढ़ गई। न्यूनतम तापमान सामान्य 20 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 22.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
16 अक्टूबर से तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा, न्यूनतम और अधिकतम तापमान अधिक रहेगा। मगर, 16 अक्टूबर से मौसम बदल जाएगा, तापमान में गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पानी का सेवन अधिक करें, पेट हो रहा खराब
गर्मी और उमस से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी होने से पेट दर्द, डायरिया और पेट संबंधी समस्या बढ गई हैं। एसएन मेडिकल कालेज के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी ले सकते हैं। बाजार के खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।
मरीजों की बढ़ी संख्या
मौसम में हो रहा परिवर्तन लोगों को बीमार कर रहा है। ओपीडी और इमरजेंसी में ब्लड प्रैशर और वायरल के मरीजों की संख्या में 30 फीसद तक इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज बुखार, पेट दर्द, डायरिया और ब्लड प्रेशर से संबंधित पहुंच रहे हैं। यही हाल एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी का भी है।
उमस के मौसम में ये करें
- नीबू पानी, छाछ, पना और पेय पदार्थ का सेवन अधिक करें।
- चाय काफी कम लें।
- धूप में निकलने से बचें, सूती कपडे़ पहनें।
- धूप में जाने से 30 मिनट पहले सन स्क्रीन लोशन लगा लें।