आगरा में मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी, नौ विधानसभा क्षेत्रों में साढ़े 54 हजार डुप्लीकेट मतदाता
आगरा की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जहां नौ विधानसभा क्षेत्रों में 54 हजार से अधिक डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। जिला प्रशासन बीएलओ के माध्यम से सत्यापन करा रहा है और डुप्लीकेट नामों को हटाने के लिए फॉर्म-7 जमा करने की अपील कर रहा है।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी मतदाता सूची त्रुटि रहित नहीं हुई है। नौ विधानसभा क्षेत्रों की सूची में बड़ी गड़बड़ी है। साढ़े 54 हजार डुप्लीकेट मतदाता हैं। इसमें सबसे आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 10,214 मतदाता हैं। मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए 3849 बीएलओ द्वारा सूची का सत्यापन किया जा रहा है।
वहीं जिला प्रशासन डुप्लीकेट मतदाताओं से एक नाम हटवाने के लिए फार्म-सात भरकर जमा करने की अपील की है। जिले में 30 लाख मतदाता हैं। इसमें 16.43 लाख पुरुष और 13.63 लाख महिला मतदाता हैं। जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी परेशानी डुप्लीकेट मतदाता हैं। आंकड़े बताते हैं कि दोहरे नामों की समस्या शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में है।
कई मतदाता तो ऐसे हैं जिनके नाम दो से अधिक सूची में हैं। अब बीएलओ द्वारा ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर सूची से नाम हटाया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि मतदाता सूची में दोहराव खत्म हो और किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से न कटे। इसके लिए मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
किस विधानसभा क्षेत्र में कितने हैं डुप्लीकेट मतदाता
विधानसभा क्षेत्र का नाम, मतदाताओं की संख्या
- एत्मादपुर, 6929
- आगरा कैंट, 9138
- आगरा दक्षिण, 5937
- आगरा उत्तर, 8553
- आगरा ग्रामीण, 10214
- फतेहपुर सीकरी, 2451
- खेरागढ़, 3829
- फतेहाबाद, 4103
- बाह, 3437
फोन कर ले सकते हैं जानकारी
मतदाता सूची में आपका नाम है या नहीं। एक फोन कर जानकारी ले सकते हैं। लोगों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम चल रहा है।
कंट्रोल रूम का नंबर :
- टोल फ्री नंबर 1950
- टेलीफोन नंबर 0562-2250170, 0562-2971483, 0562-2971983
यह हैं फार्म
फार्म छह : नया मतदाता बनने के लिए
फार्म-सात : सूची से नाम हटवाने के लिए
फार्म-आठ : नाम में संशोधन के लिए
यह है वेबसाइट
www.eci.gov.in
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।