डुप्लीकेट और अपात्र वोटर्स के हटेंगे नाम, ईवीएम और वीवीपैट की आगरा में ट्रेनिंग
निर्वाचन आयोग जनता में ईवीएम-वीवीपैट को लेकर भ्रांतियां दूर करने के लिए प्रदर्शन करेगा, साथ ही मतदाता सूची से डुप्लीकेट नाम हटाकर नए वोटर्स जोड़ेगा। आगरा में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक भी हुई, जिसमें बूथों पर सुविधाओं और सुरक्षा पर जोर दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरीफाइएबल पेपर आडिट ट्रेल (वीवीपैट) को लेकर जनता में जो भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। निर्वाचन आयोग पहली बार इन भ्रांतियों को दूर करने जा रहा है। शुक्रवार से आगरा, मथुरा सहित प्रदेश के सभी जिलों में जनता के समक्ष ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में दो से तीन मोबाइल वैन भी घूमेंगी।
मतदान करने का तरीका सिखाया जाएगा। वीवीपैट की पर्ची भी दिखाई जाएगी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम हटेंगे। छूटे हुए और युवाओं को मतदाता बनाया जाएगा। भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने होटल मुगल में 21 जिलों के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी को लेकर सवाल भी पूछे गए।
आगरा, कानपुर नगर, बरेली, झांसी और चित्रकूट मंडल की समीक्षा बैठक में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि सभी जिलों में चुनाव प्रबंधन योजना बन चुकी है। पहले चरण का प्रशिक्षण भी हो रहा है। इसमें बूथों पर होने वाली व्यवस्था भी शामिल है। सभी बूथों में पानी, शौचालय, बिजली, सड़क, दिव्यांगों के लिए रैंप अनिवार्य रूप से बने होने चाहिए।
सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित किया जाएगा। चुनाव के दौरान इसी आधार पर फोर्स उपलब्ध कराया जाएगा। चुनाव में सचल दस्ता, स्टेटिक सर्विलांस टीम, सर्विलांस सीजर टीम सहित अन्य टीमें सक्रिय होंगी। इसमें 20 विभागों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तिथि में विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा होगी, उसी दिन से सभी टीमें सक्रिय हो जाएंगी।
मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। हर मतदाता मतदान करे, इस बता का पूरा ध्यान रखना होगा। इसके लिए कालेजों सहित अन्य संस्थानों में शिविर आयोजित होंगे। मतदान के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। बूथों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इसकी प्रसारण कंट्रोल रूम में होगा। इससे चुनाव की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
समीक्षा बैठक में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने 21 जिलों के डीएम का प्रेजेंटेशन भी देखा। प्रत्येक जिले को 15 मिनट का समय दिया गया था। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान, मतदाता जागरूकता को लेकर कई सवाल भी पूछे। बूथ कैप्चरिंग का प्रयास करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों के अधिकारी हुए शामिल
आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज।
गोरखपुर में होगी अगली बैठक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगरा के बाद अब गोरखपुर में अहम बैठक होने जा रही है फिर लखनऊ में बैठक होगी। इन दोनों बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।