आगरा यूनिवर्सिटी की लॉ की पुनर्परीक्षाएं निरस्त, नई तारीख की होगी घोषणा
डाॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने विधि पाठ्यक्रमों की पुनर्परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। यह निर्णय दीपावली और छठ पूजा के कारण लिया गया है, नई तिथियां जल्द घोषित होंगी।

डॉ. भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी आगरा।
HighLights
डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विधि पुनर्परीक्षाएं निरस्त की गईं।
दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर लिया गया यह महत्वपूर्ण निर्णय।
जागरण संवाददाता, आगरा। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विधि पाठ्यक्रमों की पुनर्परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। इसकी मांग को लेकर पूर्व में छात्र नेताओं ने प्रदर्शन और मांग भी की थी। 12 नवंबर से शुरू होकर 25 नवंबर तक चलने वाली एलएलबी और बीए एलएलबी की परीक्षाएं दीपावली पर्व और छठ पूजा को देखते हुए स्थगित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
अब परीक्षाओं की नई तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने पूर्व में विधि पाठ्यक्रमों की पुनर्परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत एलएलबी प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के साथ बीए एलएलबी प्रथम से पंचम वर्ष तक की परीक्षाएं 12 नवंबर से प्रस्तावित थीं। परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित होनी थीं। इसके लिए परीक्षा केंद्र और महाविद्यालयों को भी निर्देश जारी किए गए थे।
ये परीक्षाएं 25 नवंबर तक निर्धारित थीं। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर परीक्षाओं को फिलहाल निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि जल्द ही इसकी नई तिथि घोषित कर दी जाएगी। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने को कहा गया है।
एनएसयूआइ के प्रदेश महासचिव अंकुश गौतम ने कहा कि त्योहारों के मध्य परीक्षा कराना छात्रों के लिए मुश्किल पैदा करता। कई छात्र बाहर रहते हैं और अपने निवास जाते हैं। ऐसे में परीक्षा की तैयारी करना भी उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। विश्वविद्यालय की ओर से लिया गया निर्णय सराहनीय है।