Agra Top News: बस एक क्लिक में पढ़िए आगरा की टाप 3 खबरें
Agra Top News आगरा में ताजमहल पर नमाज पढ़ने की घटना सामने आई जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। कोरोना के केस आज फिर से मिले हैं और तापमान में एक बार फिर से चढ़ाव शुरू हो गया है।
आगरा, जागरण टीम। आगरा की आज की प्रमुख घटनाएं एक क्लिक में पढ़ सकते हैं।
चार पर्यटकों को नमाज पढ़ते पकड़ा
ताजमहल एक बार फिर सुर्खियों में है। नया विवाद स्मारक में नमाज को लेकर है। बुधवार शाम ताजमहल में चार पर्यटकों को नमाज पढ़ने पर सीआइएसएफ ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सीआइएसएफ की तहरीर पर चारों पर्यटकाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।ताजमहल में शाही मस्जिद है। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के चलते ताजमहल बंद रहता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दोपहर 12 से दो बजे तक स्मारक में नमाज के लिए स्थानीय लोगों को प्रवेश दिया जाता है।
बुधवार शाम करीब सात बजे चमेली फर्श स्थित टिकट चेकिंग पोस्ट पर तैनात मित्रपाल शर्मा ने ताजमहल स्थित मस्जिद में छह पर्यटकों को नमाज पढ़ते देखा तो सीआइएसएफ की क्विक रिस्पोंस टीम (क्यूआरटी) को बुला लिया। सीआइएसएफ जवानों को आता देखकर नमाज पढ़ रहे पर्यटक भागने लगे। दो पर्यटक भीड़ का फायदा उठाकर बच निकलने में सफल रहे, लेकिन चार पर्यटकों को पकड़ लिया गया। सीआइएसएफ ने चारों पर्यटकों को ताजगंज थाने में सौंपते हुए उनके खिलाफ तहरीर दी।
कोरोना के तीन नए केस
आगरा में कोरोना के नए केसों में कमी आई है। सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना की जांच के लिए 1504 सैंपल लिए गए। तीन नए केस मिले हैं। कोरोना संक्रमित चार मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना के 16 सक्रिय केस हैं।
40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा पारा
आगरा में गुरुवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से धूप निकली और आंशिक बादल छाए रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। एक या दो बार बारिश होगी या ठंडी हवा चलेगी।पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गर्मी से परेशान शहरवासियों को राहत मिली है। गुरुवार को सुबह से धूप निकली। आंशिक बादल छाए रहे। सुबह से शाम तक ऐसा ही मौसम बना रहा। बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था।