विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में थार सवार हमलावरों ने दो युवकों को बेरहमी से पीटा, विरोध में बाजार बंद

By Ravi ShankarEdited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 24 Nov 2026 12:38 PM (GMT+05:30)

आगरा के जैंगारा कस्बे में थार सवार हमलावरों ने स्कूटी सवार दो युवकों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बाजार बंद रखा और पुलिस से हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।

पीड़ित युवक से घटना की जानकारी करते थाना प्रभारी कागारौल अंकुर राठी।

पीड़ित युवक से घटना की जानकारी करते थाना प्रभारी कागारौल अंकुर राठी।

संवाद सूत्र, किरावली (आगरा)। कागारौल थाना क्षेत्र के जैंगारा कस्बे में स्कूटी सवार दो युवकों पर थार सवार हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश फैल गया।

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने कागारौल-किरावली मार्ग पर जाम लगा दिया। विरोध में जैंगारा कस्बे का बाजार भी बंद रहा। बसेरी चाहर निवासी अमित चाहर की जैंगारा कस्बे में इंस्पेक्टर मार्केट में सृष्टि पावर सॉल्यूशन नाम से इनवर्टर की दुकान है। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने दोस्त कर्मवीर चाहर के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि बसेरी चाहर मोड़ के पास पीछे से आई थार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।

दोनों के सड़क पर गिरते ही थार से उतरे चार-पांच अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपितों की गाड़ी की नंबर प्लेट पर गोबर लगा था, जिससे उसका नंबर नहीं पढ़ा जा सका।

घटना के बाद हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा कर कागारौल-किरावली मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब 15 मिनट बाद जाम खुलवा दिया।

उधर, घटना के विरोध में जैंगारा के व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।