आगरा के ताजगंज में स्कूटी विवाद पर बवाल, दो पक्षों में जमकर पथराव और मारपीट
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्कूटी के हैंडल लगने के मामूली विवाद ने तूल पकड़ा, जिससे दो पक्षों के बीच ...और पढ़ें

घटनास्थल पर गिरी पड़ी स्कूटी और बिखरा सामान।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज क्षेत्र के मोहल्ला तेलीपाड़ा में स्कूटी का हैंडल एक महिला के हाथ से टकराने के मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। शुक्रवार को इस बवाल और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सक्रिय हो गई।
घटना के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब बसई कलां निवासी अनमोल की भाभी के हाथ में एक स्कूटी का हैंडल लग गया। इस बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ही पक्षों के युवकों ने फोन कर अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। भीड़ जमा होते ही दोनों तरफ से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए गए।
मोहल्ले में अचानक हुए पथराव से अफरा-तफरी मच गई। दो समुदायों के बीच टकराव और पथराव की सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पथराव करते लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के आठ नामजद तथा 10 से 12 अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम पक्ष से बसई कलां निवासी अनमोल, शिवम और चौब सिंह को नामजद किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से तेलीपाड़ा निवासी फैजान, बंटी, हुसैन, चांद और नसरु के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य अज्ञात आरोपितों की पहचान की जा रही है।