विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही, सारे बैरियर पार कर पूर्वी गेट तक पहुंच गई कार; दो हिरासत में

By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 28 Nov 2026 08:46 PM (GMT+05:30)

शनिवार शाम ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई, जब एक कार दो बैरियर पार कर पूर्वी गेट तक पहुंच गई। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल कार।

ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल कार।

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में शनिवार शाम गंभीर लापरवाही सामने आई। वीआइपी रोड कहे जाने वाले ताज पूर्वी गेट मार्ग पर दो बैरियर पार कर आगरा के नंबर की कार पूर्वी गेट तक पहुंच गई। इससे ताजमहल पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ने के बाद कार को सीज कर दिया। कार के पूर्वी गेट तक पहुंचने से सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था रेड जोन (स्मारक परिसर) और यलो जोन (500 मीटर की परिधि) में बंटी हुई है। रेड जोन में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) और यलो जोन में पुलिस व पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालते हैं। शनिवार शाम करीब 6:45 बजे ताजमहल बंद हो चुका था। इसी दौरान शिल्पग्राम की ओर से तेज गति से आई आगरा के नंबर की कार पूर्वी गेट तक पहुंच गई।

इसका 13 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है, जिसमें कार के पास खड़े हुए लोग नजर आ रहे हैं। होटल अमर विलास और ताज खेमा बैरियर पर तैनात सुरक्षाकर्मी तमाशबीन बने रह गए। बाद में उन्होंने कार का पीछा किया।

पूर्वी गेट के नजदीक जाकर कार रुकने पर पुलिस ने फतेहाबाद के अमित उपाध्याय और राजस्थान के धौलपुर के मनिया के अंकित कुशवाहा को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने एक युवक के बचकर भागने की बात कही। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि दोनों युवकों का मेडिकल कराने के साथ चालान किया गया है। गाड़ी सीज कर दी गई है।

पहले भी हुई है लापरवाही

ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में स्थानीय नागरिकों के वाहन ही चल सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उनके लिए वाहन पास की व्यवस्था है। इस परिधि में पूर्व में भी बाहर के नंबर की कार और बाइक पहुंचती रही हैं। कुछ समय पूर्व पाठक प्रेस बैरियर को स्कूटी सवार पार कर गया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।