आगरा में 87 करोड़ से बनने जा रही है सड़क, सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक पहुंचेंगे आराम से
आगरा में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट स्कीम के तहत सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक 87 करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट स्कीम (सीएम-ग्रिड) में सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक 87 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी। इंंटीग्रेटेड सुविधाओं से युक्त सड़क बनने से क्षेत्र में सुंदरीकरण होगा।
पांच वर्ष तक रखरखाव की जिम्मेदारी सड़क बनाने वाले ठेकेदार की रहेगी। दूसरे चरण में मारुति एस्टेट चौराहा से हनुमान मंदिर 100 फीट रोड तक काम होगा।
बुधवार को शाहगंज स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ट में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे दक्षिण विधानसभा के पश्चिमी क्षेत्र के साथ ही शहर के सभी नागरिकों को सुविधा मिलेगी। सड़क आरसीसी से बनेगी और अधिक समय तक चलेगी।
सड़क के किनारे यूटिलिटी डक्ट होने से फोन, इंटरनेट केबिल, गैस की पाइप लाइन या अन्य केबल बिछाने के लिए बार-बार खोदाई नहीं करनी पड़ेगी। सड़क के साथ सीवर लाइन व अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट के साथ डिवाइडर पर हरियाली व सुंदरीकरण किया जाएगा। चौड़े व सुरक्षित फुटपाथ, पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। डा. अलौकिक उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाह, धीरज कोहली, देवेश पचौरी, राजेश प्रजापति, संजय जैन, सुनील करमचंदानी मौजूद रहे।
