होटल में स्पेनिश पर्यटक की मौत
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी के एक सितारा होटल में ठहरे विदेशी पर्यटक की मौत हो गयी। समूह के साथ आ
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी के एक सितारा होटल में ठहरे विदेशी पर्यटक की मौत हो गयी। समूह के साथ आया विदेशी पर्यटक रविवार सुबह अपने कमरे में मृत मिला। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस होटल के स्टाफ से पूछताछ में जुटी है।
स्पेन के मैड्रिड शहर के रहने वाले 78 वर्षीय जोस लुइस मार्को विनेंडर 30 मार्च को 168 सदस्यों के समूह के साथ दिल्ली आए थे। वहां से समूह के साथ टूर आपरेटर के साथ ग्रुप शनिवार को आगरा घूमने आया। पूरा ग्रुप यहां शिल्पग्राम के पास स्थित सितारा होटल में ठहरा था। उसे रविवार ताज समेत अन्य स्थलों का भ्रमण करना था। सुबह आठ बजे साथी पर्यटक जोस के कमरे पर पहुंचे। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से लुइस की आवाज नहीं सुनाई दी।
इस पर साथी पर्यटकों को चिंता हुई, उन्होंने होटल के स्टाफ को इसकी जानकारी दी। स्टाफ ने साथी पर्यटकों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला तो लुइस को बेड पर मृत पाया। जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गयी। होटल के स्टाफ ने पुलिस को बताया कि जोस शनिवार रात दस बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। आशंका है कि उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। टूर आपरेटर ने पुलिस को बताया कि पर्यटक परिवार के साथ नहीं आया था। पुलिस के मुताबिक पर्यटक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जानकारी दिल्ली स्थित स्पेन के दूतावास को दे दी गई है। पर्यटक की मौत का कारण जानने के लिए उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।