विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूटबूट में बैंक पहुंचा ठग, आगरा SBI में दूसरे के खाते से रकम निकालते पकड़ा

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 28 Nov 2026 05:44 PM (IST)

आगरा के एसबीआई बैंक में एक सूट पहने ठग ने दूसरे खाताधारक की पासबुक पर अपनी फोटो लगाकर 46 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया। हस्ताक्षर मिलान न होने पर उसकी पोल खुल गई और बैंक कर्मचारियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। छीपीटोला स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार को एक ठग सूटबूट पहनकर पहुंच गया। यहां काउंटर से दूसरे खाताधारक की पासबुक उठाकर अपनी फोटो चिपका ली और 46 हजार रुपये निकालने के लिए नकद निकासी का फार्म भर दिया लेकिन हस्ताक्षर का मिलान नहीं होने पर उसकी पोल खुल गई। बैंक कर्मचारियों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

उसके खिलाफ रकाबगंज थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित फरीदाबाद का रहने वाला है। एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि फरीदाबाद निवासी दीपचंद शुक्रवार दोपहर सूट पहनकर बैंक के काउंटर पर पहुंचा। उसने महिला कर्मचारी से कहा कि उसकी पासबुक रह गई थी। कर्मचारी पासबुक निकालकर चेक कर रही थी।

तभी आरोपित ने एक पासबुक उठाकर उसे अपनी बताते हुए खाते में बैलेंस पूछ लिया। उसने बताया कि उसका चेक बाउंस हो गया है। कर्मचारी ने कंप्यूटर पर खाते का बैलेंस चेक किया तो उसमें 47 हजार रुपये थे। इस दौरान आरोपित ने स्क्रीन पर ग्राहक के हस्ताक्षर भी देख लिए।

इसके बाद आरोपित ने पासबुक पर अपना फोटो चिपका दिया और 46 हजार रुपये का नकद निकासी का बाउचर भरकर दूसरे काउंटर पर पहुंच गया। वह खुद को कृष्ण कुमार बता रहा था। कर्मचारी को शक हुआ तो उन्होंने हस्ताक्षर मिलाए। हस्ताक्षर का मिलान नहीं होने पर बैंक मैनेजर को जानकारी दी गई।

कर्मचारियों ने आरोपित को पकड़ लिया। एसीपी ने बताया कि आरोपित के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसके दावे की पुष्टि हो सके। पुलिस उसकी पहचान और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। खाताधारक को बुलाकर उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।