विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा के कई गांवों में सुधरेगा सड़कों का हाल, 4.79 करोड़ से काम कराने की तैयारी

By Munna Lal Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:33 PM (GMT+05:30)

आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 4.79 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न मार्गों पर विशेष मरम्मत और निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और लोगों को काफी राहत मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मार्गों पर विशेष मरम्मत और निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों पर करीब 4.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि क्षेत्र में कई मार्गों पर सीसी सड़क, नाली और पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि विशेष मरम्मत के तहत धांधूपुरा से राजा भोज का किला (महल बादशाह) तक दो किलोमीटर सीसी मार्ग का निर्माण 92.27 लाख रुपये से कराया जाएगा। आगरा-शमशाबाद-राजाखेड़ा मार्ग से टीवी टावर मार्ग तक 850 मीटर सीसी सड़क के निर्माण पर 51.51 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, धांधूपुरा से नगला तल्फी मार्ग की 510 मीटर लंबाई में मरम्मत के लिए 63.30 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इसी क्रम में कबीस-कलाल खेड़िया मार्ग पर 250 मीटर सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 103.10 लाख रुपये तथा कुंडौल-कबीस-महरा-नाहरगंज मार्ग पर 1.270 किलोमीटर सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 169.40 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 में आगरा-देवरी-इरादतनगर मार्ग के किलोमीटर नौ पर पुरानी पाइप पुलिया के स्थान पर चार मीटर स्पान की बॉक्स कलवर्ट का निर्माण भी कराया जाएगा। मंत्री ने बताया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।