विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी के स्वागत को बनी आगरा की सड़क छह घंटे में ही उखड़ी गुणवत्ता पर सवाल

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 17 Nov 2026 09:51 PM (IST)

आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए बनी सड़क महज छह घंटे में ही उखड़ गई, जिसमें गिट्टी ...और पढ़ें

सीएम योगी के स्वागत के लिए बनाई गई सड़क का अगले दिन ही ये हाल है।

सीएम योगी के स्वागत के लिए बनाई गई सड़क का अगले दिन ही ये हाल है।

HighLights

  1. सीएम योगी के स्वागत को बनी सड़क छह घंटे में उखड़ी।

  2. लोक निर्माण विभाग ने नियमों का पालन नहीं किया, जल्दबाजी में बनी।

  3. घटिया निर्माण की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय से, वीडियो वायरल।

जागरण संवाददाता, आगरा। एक माह से जो सड़क नहीं बन रही थी। उसे लोक निर्माण विभाग ने एक दिन में बना दिया। बारहखंभा रेलवे फाटक से अर्जुनगर मोड़ तक रोड निर्माण में नियमों का पालन नहीं किया गया। सीएम के स्वागत की जल्दबाजी में बनी सड़क महज छह घंटे के बाद ही उखड़ने लगी। रोड से गिट्टी उखड़कर बाहर आ रही है और डामर पूरी तरह से गायब है।

इसकी शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय से की गई है। इंटरनेट मीडिया में इसके लगातार वीडियो चल रहे हैं। वहीं मंगलवार को सीएम का कार्यक्रम रद होने के बाद रोड के किनारे के कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। रंगाई-पुताई का कार्य भी बंद हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंगलवार दोपहर 3.45 बजे आगरा आना था। खेरिया एयरपोर्ट से सीधे विभव नगर शमसाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटे लाल वर्मा के आवास पर जाना था। मुख्यमंत्री का प्रस्तावित रूट अर्जुनगर मोड़, बारहखंडा से ईदगाह होते हुए था। यह रोड एक माह से नहीं बन रही थी। सीएम के स्वागत में लोक निर्माण विभाग ने इस रोड का निर्माण दोपहर तीन बजे से शुरू किया।

यातायात के चलते यह कार्य मंगलवार सुबह छह बजे तक चला। इस बीच सीएम का कार्यक्रम रद हो गया। सीएम मथुरा से सीधे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दोपहर 12 बजे अर्जुननगर मोड़ से 50 मीटर की दूरी पर रोड उखड़ने लगी। रोड से डामर गायब हो गया। गिट्टी बाहर निकलने लगी। 100 मीटर में चार जगहों पर यह हाल था। इससे नाराज लोगों ने विरोध भी जताया और वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए।

क्षेत्रीय निवासी अजय गुप्ता ने बताया कि रोड का निर्माण जल्दबाजी में किया गया है। मानकों का पालन नहीं हुआ है। दोषी अभियंताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए। दुकानदार जय किशन ने बताया कि एक माह के इंतजार के बाद घटिया गुणवत्ता की सड़क बनी है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस वर्मा ने बताया कि रोड का निर्माण जल्दी किया गया है। एक परत का निर्माण हुआ है। इसी के चलते कुछ जगहों पर गिट्टी बाहर आ गई है। रोड निर्माण के दौरान यातायात को नहीं रोका गया।

यह हैं जिम्मेदार

लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हरीश कुमार, अवर अभियंता चंद्रकेश, ठेकेदार एवी कंस्ट्रक्शन।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।