महिला क्रिकेट लीग में हो रहे रोचक मुकाबले, आगरा रेड ने ग्रीन को हराया
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आफ आगरा द्वारा कराई जा रही है महिला क्रिकेट लीग। मीरा देवी अग्रवाल महिला क्रिकेट लीग में आगरा रेड ने ग्रीन को 28 रनों से हराया। पांच विकेट लेने पर रितु बनीं प्लेयर आफ द मैच।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में कोरोना काल में पहली बार महिला क्रिकेट लीग का आयोजन हो रहा है। इसमें रोचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। रविवार को लो स्कोरिंग मैच में आगरा रेड ने आगरा ग्रीन को 28 रनों से हराया। आगरा रेड की रितु को पांच विकेट लेने पर प्लेयर आफ द मैच चुना गया।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आफ आगरा के तत्वावधान में हो रही मीरा देवी अग्रवाल महिला क्रिकेट लीग में रविवार को आरबीएस इंटर कालेज के मैदान पर आगरा रेड और आगरा ग्रीन के बीच मुकाबला हुआ। 40-40 ओवर के मैच में आगरा रेड की कप्तान अंजलि सिंह ने टास जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। आगरा रेड की टीम आगरा ग्रीन की शानदार गेंदबाजी के चलते 84 रनों पर ही ढेर हो गई। आगरा रेड की सानवी ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। आगरा ग्रीन की राशि कनौजिया ने चार, अलमास भारद्वाज ने दो, पूजा यादव व बबिता ने एक-एक विकेट लिया। आगरा रेड की गेंदबाजों ने मैच में अपनी टीम को शानदार प्रदर्शन कर जीत दिलाई। आगरा ग्रीन की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 56 रनों पर ढेर हो गई। आगरा रेड की रितु ने पांच और कप्तान अंजलि सिंह ने चार विकेट लिए। रितु को शानदार प्रदर्शन के लिए डीसीसीए के सचिव प्रकाशेष कौशल ने प्लेयर अाफ द मैच का अवार्ड दिया। अंपायरिंग सुनील शर्मा और शिखा ने की। सोमवार को सुबह नौ बजे से आगरा ब्ल्यू और आगरा ग्रीन के बीच बोदला रोड स्थित स्टार नेक्स्ट क्रिकेट एकेडमी में मैच खेला जाएगा।
क्रिकेट लीग की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी। पहले दिन अागरा यलो ने आगरा ग्रीन को 90 रनों से और आगरा ब्ल्यू ने आगरा रेड को 49 रनों से हराया था। दूसरे दिन शनिवार को आगरा यलो ने आगरा ब्ल्यू को 53 रनों से हराया था। लीग में अब तक आगरा ग्रीन का खाता नहीं खुल सका है।