गड्ढामुक्ति के नाम पर पीडब्ल्यूडी का 'खेल': आगरा में बदहाल सड़कों को छोड़ा, कम गड्ढे वाली रोड पर की खानापूर्ति
आगरा में पीडब्ल्यूडी पर गड्ढामुक्ति अभियान में लापरवाही का आरोप लगा है, जहां इंजीनियरों ने मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पीडब्ल्यूडी ने गंभीर गड्ढे वाली सड़कें छोड़ी, कम गड्ढे वाली भरीं।
मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद आगरा में सड़कों की अनदेखी।
लापरवाही से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ीं, अधिकारियों ने मांगी रिपोर्ट।
जागरण संवाददाता, आगरा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में सड़कों के गड्ढे भरने में भी खेल किया है। अवर और सहायक अभियंताओं को एक तरफ से अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का सर्वे करना था। गड्ढों को भरने और सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव देना था लेकिन इसके विपरीत अभियंताओं ने कुछ ही सड़कों को चिन्हित किया। जिन सड़कों में अधिक गड्ढे थे।
उन्हें छोड़, कम गड्ढे वाली सड़कों को चयन किया गया। इसके बाद गड्ढों को भरने की रस्म अदायगी की गई। जिन सड़कों के गड्ढे दो या फिर तीन साल से नहीं भरे गए थे। ऐसी एक भी सड़क का चयन नहीं किया गया।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 नवंबर तक प्रमुख सड़कों के गड्ढों को भरने के आदेश दिए हैं। दो माह पूर्व हुए आदेश के आधार पर लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने सर्वे किया। जिले में 631 किमी की सड़कों को चिन्हित किया गया। 1.95 करोड़ रुपये से गड्ढों को भरने का लक्ष्य रखा गया। अभी तक 540 किमी सड़कों के गड्ढों को भरा जा चुका है।
- बाकी 91 किमी सड़कों के गड्ढे भरने का कार्य दो दिन में पूरा होना करना होगा। शनिवार को जागरण टीम ने देहात क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक सड़कों की पड़ताल की। यह ऐसी सड़कें थीं। जिनकी मरम्मत को एक से लेकर तीन साल तक हो चुका है।
- इन सभी प्रमुख सड़कों पर अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। सेवानिवृत्त अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि जिन सड़कों में अधिक गड्ढे हैं। उनका चयन होना चाहिए था। कार्य अब तक खत्म होना चाहिए था। मगर, इंजीनियरों ने इस दिशा में कोई भी कार्य नहीं किया है।
- इन सड़कों के अभी तक नहीं भरे गए गड्ढे
- जगनेर स्थित सरेंधी मार्ग का निर्माण वर्ष 2018 में हुआ था। तीन किमी लंबी रोड पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से छह शिकायतें की जा चुकी हैं। अभी तक एक भी गड्ढे को नहीं भरा गया है। बरसात के दौरान कई वाहन भी पलट चुके हैं। हर दिन 42 हजार वाहन गुजरते हैं।
- खेरागढ़ से डूंगरवाला रसूलपुर मार्ग का निर्माण दो साल पूर्व हुआ था। 100 मीटर के दायरे में नौ गड्ढे हैं। सबसे अधिक दुदाधारी चौकी से गढ़ी अतिबल के मध्य गड्ढे हैं। एक माह में चार बार शिकायत हो चुकी है। हर दिन 35 हजार वाहन गुजरते हैं।
- बाह के अभयपुरा से गुढ़ा मार्ग जर्जर हो चुका है। पिछले दो साल से इस मार्ग की मरम्मत नहीं हुई है। हर दिन 20 हजार वाहन गुजरते हैं। ग्रामीण धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जर्जर मार्ग की फोटो के साथ विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है।
- धनौली-मलपुरा मार्ग में आधा दर्जन स्थलों पर गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग से हर दिन 65 हजार वाहन गुजरते हैं। क्षेत्रीय निवासी प्रताप सिंह ने बताया कि आठ माह पूर्व मार्ग की मरम्मत हुई थी। इसके बाद से एक बार भी अधिकारी निरीक्षण करने केलिए नहीं आए हैं।
- फतेहाबाद-रिहावली मार्ग पर गड्ढे हैं। हर दिन 38 हजार वाहन गुजरते हैं। पिछले साल लोक निर्माण विभाग की टीम ने गड्ढों में मिट्टी से भरव किया था। पूरी तरह से मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई है।
- किरावली के महुअर-पाली सदर मार्ग पर कई जगहों पर गड्ढे हैं। इस मार्ग से हर दिन 20 हजार वाहन गुजरते हैं। एक साल से इस मार्ग की मरम्मत नहीं हुई है।
- बाह-आगरा मार्ग स्थित बांके की ठार के पास कई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। हर दिन इस मार्ग से 43 हजार वाहन गुजरते हैं।
यह हैं जिम्मेदार : प्रांतीय खंड, निर्माण खंड और खंड दो के अवर अभियंता और सहायक अभियंता।
धनौली-मलपुरा मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कई बार इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है। अभी तक गड्ढों को भरने का अभियान नहीं चला है।
पंकज कटारा, कारोबारी मलपुराअछनेरा-सांधन मार्ग दो किमी लंबा है। इस मार्ग की अभी तक मरम्मत नहीं की गई है। गड्ढों के चलते पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।
असरार अहमद, अछनेरा
दो साल से महुअर-पाली सदर मार्ग का निर्माण नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों से इसकी कई शिकायतें की जा चुकी हैं। कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
दाताराम, महुअर गांव किरावली
फतेहाबाद-रिहावली मार्ग बरसात में छलनी हो गया है। अभी तक मार्ग की मरम्मत का कार्य नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने सर्वे भी नहीं किया है।
रामवीर कुमार, मीठपुरा फतेहाबाद
खेरागढ़ के दुदाधारी से गढ़ी अतिबल गांव का मार्ग अभी तक नहीं बना है। यह वह मार्ग जो उप्र को राजस्थान से जोड़ता है।
नरेंद्र सिंह, खेरागढ़
सरेंधी चौराहा मार्ग का अभी तक निर्माण या फिर मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों से भी की जा चुकी है।
नरेंद्र सेन, राहगीर जगनेर
नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता से मांगी रिपोर्ट, मानकों के अनुरूप भरे जाएं गड्ढे
शहर में पांच करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी पूरी तरह से सभी सड़कों के गड्ढे नहीं भरे गए हैं। नगरायुक्त संतोष कुमार ने मुख्य अभियंता अरविंद कुमार से रिपोर्ट मांगी है। सभी गड्ढों को ठीक तरीके से मानकों के अनुरूप भरवाने के आदेश दिए हैं।
दैनिक जागरण ने शुक्रवार को शहर के गड्ढे न भरने की खबर प्रकाशित की थी। डीएम मनीष बंसल ने नगरायुक्त से इसकी रिपोर्ट मांगी है। नगरायुक्त संतोष कुमार ने अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। मुख्य अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि दो माह पूर्व सड़कों का सर्वे हुआ था।
उस दौरान जिन सड़कों पर गड्ढे थे। उन सभी को भरवाया दिया गया है। अब जिन सड़कों पर फिर से गड्ढे हो गए हैं। उन सभी को भरवाया जाएगा। अवर अभियंता जल्द ही सर्वे कर इसकी रिपोर्ट देंगे।
| विवरण (Description) | आंकड़े / राशि (Data / Amount) |
|---|---|
| सड़कों की संख्या | 1693 |
| सड़कों की कुल लंबाई | 4425 किमी |
| नवीनीकरण कार्य (वर्ष 2022-23) | 38.88 करोड़ रुपये |
| नवीनीकरण कार्य (वर्ष 2023-24) | 121 करोड़ रुपये |
| विशेष मरम्मत कार्य (वर्ष 2022-23) | 34.52 करोड़ रुपये |
| विशेष मरम्मत कार्य (वर्ष 2023-24) | 50 करोड़ रुपये |
ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत किस तरह से हुई है। इसकी रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग के अधिकारी से मांगी जाएगी। जल्द ही इसकी समीक्षा भी की जाएगी।
-मनीष बंसल, डीएम
विशेषज्ञ की राय
वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. डीवी शर्मा ने बताया कि देहात क्षेत्र में सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण सड़को में गड्ढे भी हैं। इससे हाथ पैर में फ्रैक्चर हो रहे हैं, गर्दन में चोट लग रही हैं। देहात क्षेत्र से अधिकांश मरीज इन्हीं समस्याओं के साथ आते हैं। फ्रैक्चर होने पर उन्हें एक से डेढ़ महीने घर पर ही रहना पड़ता है। कई केस में सर्जरी करनी पड़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।