विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा नेता के फार्म हाउस पर आगरा पुलिस की दबिश, अपहरण और हत्या का है आरोप

By Yashpal Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 05 Oct 2026 01:46 PM (IST)

आगरा में भाजपा नेता रामवीर सिसौदिया के फार्म हाउस से एक कर्मचारी के लापता होने के मामले में पुलिस ने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. भाजपा नेता रामवीर सिसौदिया के फार्म हाउस से कर्मचारी राजवीर लापता।

  2. स्वजन ने लापता कर्मचारी के अपहरण और हत्या की आशंका जताई।

जागरण संवाददाता, आगरा। भाजपा नेता रामवीर सिसौदिया के फार्म हाउस से कर्मचारी के लापता होने के मामले में कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। फार्म हाउस से लापता हुए 55 वर्षीय कर्मचारी के स्वजन ने अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। रविवार को इंस्पेक्टर एत्माद्दौला ने 50 पुलिसकर्मियों के साथ फार्म हाउस में दबिश दी।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाजपा नेता और स्वजन वहां से फरार हो गए। मध्यप्रदेश के भिंड में कुशवाह कालोनी निवासी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके चाचा राजवीर उर्फ राजू 19 साल से शोभा नगर निवासी रामवीर सिसौदिया के फार्म हाउस में रहकर उनका घरेलू कार्य करते थे। वह घर आते जाते रहते थे। जुलाई में अंतिम बार उनसे बात हुई।

उनकी मां का देहांत 28 जून को हो गया था। तब उन्हें तेरहवीं की जानकारी दी थी। उन्हें आने के लिए कहा। मगर उन्होंने यही कहा कि मालिक छुटटी देंगे तो आ जाएंगे। वह परेशान लग रहे थे। इस बारे में काफी पूछा। मगर उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।

दो अक्टूबर को रामवीर सिसौदिया ने फोन किया। बताया कि एक अक्टूबर को चाचा घर से चले गए हैं। अब तक वापस नहीं नहीं आए हैं। उनका मोबाइल और कपड़े यमुना किनारे पर मिले हैं। इन्हें उन्होंने संभालकर रखा है। इस पर वो फार्म हाउस पहुंचे। आरोप है कि रामवीर, उनके भाई बृजमोहन उर्फ बिरजू, उनका बेटा अशोक उर्फ आशु, प्रेमशंकर, दूसरे नाौकर मनोज बघेल ने सही जवाब नहीं दिया।

बल्कि गाली देना शुरू कर दिया। भतीजे का कहना है कि उनके चाचा को इन्हीं लोगों ने गायब कर दिया है। उनके साथ अनहोनी की आशंका है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि अपहरण, बलवा सहित अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोपितों के फार्म हाउस पर पुलिसकर्मियों ने जांच की। कमरों की तलाशी ली, लेकिन लापता राजवीर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं आरोपित रामवीर, बृजमोहन, अशोक, प्रेमशंकर और मनोज भाग गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। फार्म हाउस में कोई नहीं था। घर में महिलाएं ही थीं। लापता कर्मचारी के कमरे की भी तलाशी ली गई।