Police Commemoration Day 2020: आगरा में शहीद पुलिसकर्मियों को स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि
एडीजी अजय आनंद समेत अन्य अधिकारियों ने कानपुर के बिकरु कांड में शहीद अन्य पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि। आगरा मंडल के दो सिपाही भी हुए थे इस घटना में शहीद। शहीदों के परिवाराेें को हर मदद का आश्वासन।
आगरा, जागरण संवाददाता। पु़लिस स्मृति दिवस पर बुधवार को एडीजी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इस दाैरान कानपुर के बिकरू कांड में शहीद हुए पुलिसकर्मियों का भी कर्तव्य के लिए बलिदान करने पर स्मरण किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर काे मनाया जाता है। इस साल की सबसे बड़ी घटना कानपुर के बिकरू में हुई थी। इसमें दबिश को गए आठ पुलिसकर्मियों को कुख्यात विकास दुबे और उसके साथियों ने हमला करके शहीद कर दिया था। शहीद होने वालों में एक सीओ, तीन दारोगा और चार कांस्टेबिल थे।
बुधवार को पुलिस लाइन में इन आठ पुलिसकर्मियों समेत शहीद हुए अन्य पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गयी। एडीजी अजय आनंद द्वारा शहीदों को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। गारद द्वारा शोक शस्त्र एवं अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उनके सम्मान में मौन रखा गया।
इस अवसर पर आइजी रेंज ए. सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, डीएम प्रभु एन सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा कर्तव्य की बलिवेदी पर बलिदान हुए पुलिसजनों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। शहीद हुए पुलिसकर्मियों की पत्नियों को एडीजी, आइजी और डीएम ने शाल भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों की पत्नियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत मदद के लिए अवगत कराने के लिए कहा गया।
आगरा में तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान मृत्यु
आगरा में इस साल तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान म़ृत्यु हुई। इनमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात उप निरीक्षक संजय सक्सेना और मुख्य आरक्षी चालक सतीशचंद और मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह हैं। इन तीनों पुलिसकर्मियों की पत्नियों का स्म़ृति दिवस पर पुलिस लाइन में अधिकारियों ने सम्मान किया।