आगरा में दरोगा की गुंडई, मुफ्त में झूला नहीं झुलाने पर चौकी में ले जाकर पीटा; दांत तोड़ा
आगरा के सदर बाजार में एक झूला संचालक ने पुलिस चौकी में मारपीट कर दांत तोड़ने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। सदर बाजार में झूला संचालक ने चौकी में मारपीट कर दांत तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि महिलाओं से अभद्रता की शिकायत पर उसे पकड़ा गया था और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहगंज के जगजीवन नगर निवासी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने सदर बाजार क्षेत्र में छह से 16 नवंबर तक झूले लगाए थे। आरोप है कि नौ नवंबर को आठ से दस लोग झूला झूलने आए और टिकट मांगने पर चौकी प्रभारी का नाम लेकर मुफ्त में झुलाने को कहने लगे। वीरेंद्र ने चौकी प्रभारी से बात कराने को कहा तो वे नाराज होकर चले गए। उनका आरोप है कि रात में तीन पुलिसकर्मी उन्हें जबरन चौकी ले गए और बाल पकड़कर पीटा।
मुंह पर घूंसे मारने से उनके दो दांत टूट गए। बाद में उनका नशे में होने का वीडियो बनाया गया। पुलिस ने उनका मेडिकल भी कराया। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि मेले में झूला संचालक के लोगों से झगड़ने और महिलाओं से अभद्रता करने की शिकायत पर पुलिस पहुंची थी।
उनके मुताबिक, वीरेंद्र नशे में था और उसने पुलिस से भी अभद्रता की। मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि हुई। वीरेंद्र के परिचितों का कहना है कि हादसे में उसके दांत पहले ही टूट गए थे। एसीपी सदर की जांच में चौकी में पिटाई से दांत टूटने की पुष्टि नहीं हुई।