आगरा पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चुनाव से पहले 109 इंस्पेक्टर बदले; 15 थाने खाली
आगरा में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले हुए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर आगरा कमिश्नरेट के 109 इंस्पेक्टरों का स्थानांतरण किया गया है, जिससे 15 थाने खाली हो गए हैं।

जागरण संवाददाता, आगरा। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत पुलिस विभाग में तबादलों का दौर शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर एक कमिश्नरेट में तीन साल से तैनात इंस्पेक्टरों को दूसरे कमिश्नरेट भेजा गया है। बुधवार को लखनऊ से जारी स्थानांतरण सूची में आगरा कमिश्नरेट के 109 इंस्पेक्टरों के नाम शामिल हैं। इनके स्थानांतरण से आगरा के 15 थाने खाली हो रहे हैं।
बाहर से आने वाले इंस्पेक्टरों को इन थानों में तैनाती दी जाएगी। आगरा में तैनात इंस्पेक्टरों को गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है। स्थानांतरण सूची में सिटी जोन के एत्मादुद्दौला, एमएम गेट, सदर और मंटोला थानों के प्रभारी शामिल हैं।
पश्चिमी जोन के खंदौली, एत्मादपुर, फतेहपुरसीकरी, जगनेर और मलपुरा तथा पूर्वी जोन के बाह, पिनाहट, फतेहाबाद, निबोहरा, बसई अरेला, इरादतनगर और चित्राहट थानों में तैनात इंस्पेक्टरों का भी स्थानांतरण हुआ है। क्राइम ब्रांच और अधिकारियों के पेशकार भी सूची में शामिल हैं।
स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद इंस्पेक्टर नए कमिश्नरेट में जल्द आमद दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द पहुंचने पर नई जिम्मेदारी मिल सकेगी। दूसरी ओर आगरा में खाली होने वाले थानों में नए इंस्पेक्टरों की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
अपर पुलिस उपायुक्त आदित्य एसपी देहात बदायूं बने
अपर पुलिस उपायुक्त आदित्य का स्थानांतरण बदायूं में एसपी देहात के पद पर हुआ है। उन्होंने आगरा में एसीपी से लेकर अपर पुलिस उपायुक्त तक लंबी पारी खेली। साइबर क्राइम के मामलों में बेहतर काम करने के साथ डीसीपी पश्चिम का चार्ज भी संभाला।
पश्चिमी जोन में कई वारदातों का खुलासा कराया। उनके स्थान पर कानपुर नगर में तैनात 2020 बैच की आईपीएस शिवा सिंह को आगरा में एडीसीपी बनाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।