विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में  200 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटा यात्री, GRP के जवानों ने दौड़कर बचाई जान

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:14 PM (IST)

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर चलती साबरमती एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक यात्री का पैर फिसल गया और वह 200 ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. चलती साबरमती एक्सप्रेस में चढ़ते समय यात्री का पैर फिसला।

  2. यात्री 200 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटता रहा।

  3. जीआरपी जवानों ने त्वरित कार्रवाई कर यात्री की जान बचाई।

जागरण संवाददाता, आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर मंगलवार रात बड़ा हादसा होने से बच गया। चलती साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चढ़ने के दौरान यात्री का पैर फिसल गया। यात्री ने कोच का हैंडल नहीं छोड़ा। वह 200 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटता रहा।

ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसे यात्री को जीआरपी के जवानों ने बचा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद यात्री को घर जाने दिया गया। मुकेश कुमार को मंगलवार रात आगरा से गांधीग्राम जाना था। साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच बी-1 में सीट बुक थी।

रात साढ़े नौ बजे मुकेश कुछ देरी से स्टेशन पहुंचे। इस बीच प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी साबरमती एक्सप्रेस रवाना हो गई। उन्होंने कोच का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में वह गिर पड़े और उनका पैर प्लेटफार्म और कोच के पायदान के बीच फंस गया।

वह इसी हालत में 200 मीटर तक घिसटते हुए चले गए। मुकेश को प्लेटफार्म पर घिसटते देख जीआरपी टीम के एसआइ अंकुज धामा, कांस्टेबल लवकुश, सत्येंद्र, रामपाल और अरविंद ने दौड़ लगा दी। जीआरपी के जवानों ने पैर पकड़कर यात्री को खींच लिया।

जीआरपी कैंट इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया, टीम की त्वरित, साहसिक कार्रवाई से यात्री मुकेश की जान बच गई। अगर कुछ सेकेंड की और देरी से हो जाती तो मुकेश की जान जा सकती थी। अच्छा काम करने वाली टीम को सम्मानित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से मिलेगी मेट्रो ट्रेन, ISBT तक आने की होगी सीधी कनेक्टिविटी