आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से मिलेगी मेट्रो ट्रेन, ISBT तक आने की होगी सीधी कनेक्टिविटी
यूपीएमआरसी ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन को सीधे मेट्रो स्टेशन से जोड़ने के लिए 40 मीटर लंबा पाथवे बनाया है, ...और पढ़ें

आगरा कैंट पर तैयार मेट्रो स्टेशन।
जागरण संवाददाता, आगरा। यात्रियों की सुविधा के लिए उप्र मेट्रो रेल कार्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने एक और कदम उठाया है। यात्री कैंट रेलवे स्टेशन से सीधे मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे। यात्रियों को एस्केलेटर और लिफ्ट की भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए 40 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा पाथवे बनकर तैयार हो गया है।
शहर में 30 किमी लंबा मेट्रो काॅरिडोर बन रहा है। सिकंदरा तिराहा से टीडीआई माॅल फतेहाबाद रोड तक पहला काॅरिडोर 14 किमी और आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक दूसरा काॅरिडोर 16 किमी लंबा है। कैंट रेलवे स्टेशन में हर दिन 26 हजार यात्री सफर करते हैं।
रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए यूपीएमआरसी ने पाथवे बनाया है। इसे रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन जुड़ जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए दो एस्केलेटर और दो लिफ्ट लगेंगी। सीढ़ियों से भी यात्री आवागमन कर सकेंगे। मेट्रो स्टेशन प्लेटफार्म नंबर छह से सटकर बनाया गया है।
संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि मेट्रो स्टेशन का कार्य दिसंबर तक पूरा होगा। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए 40 बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही 20 कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी। मेट्रो में पहली बार पाथवे का निर्माण किया गया है।
272 में 230 यू-गर्डर रखने का कार्य पूरा
आइएसबीटी मेट्रो स्टेशन से सिकंदरा तिराहा स्टेशन के मध्य मेट्रो ट्रैक का निर्माण तेजी से चल रहा है। 272 में 230 यू-गर्डर रखने का कार्य पूरा हो गया है। दो किमी लंबे हिस्से में सिंगल पिलर तकनीक का प्रयोग किया गया है। गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन का ढांचा तेजी से बन रहा है। यह कार्य साढ़े चार माह में पूरा होगा।
