बंगाल और ओडिशा से सप्लाई में कमी के चलते आगरा में पान हुआ महंगा, शौकीनों की जेब होगी ढीली
आगरा में त्योहारों के बीच पान के पत्तों की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों का बजट बिगड़ गया है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
पान के पत्तों की कीमतों में भारी उछाल आया।
मिठुआ पान की डोली 350 से 900 रुपये हुई।
आपूर्ति में कमी और फसल बर्बादी मुख्य कारण।
जागरण संवाददाता, आगरा। त्योहारों के बीच अब पान भी लोगों की जेब को चूना लगा रहा है। पान के पत्तों की कीमतों में अचानक उछाल आने से दुकानदारों से लेकर शौकीनों तक का बजट बिगड़ गया है। सबसे ज्यादा असर बंगाल और ओडिशा से आने वाले मिठुआ पान पर पड़ा है।
चार दिन पहले तक जिस पान की डोली (190 पत्ते) 350 रुपये में मिल रही थी, उसके दाम अब बढ़कर 900 रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं, बनारस से आने वाले बनारसी पान की डोली भी 500 रुपये से बढ़कर करीब 600 से 620 रुपये की हो गई है। इसके चलते अब मसाले पान का जोड़ा जो पहले 10 रुपये में मिलता था, उसके लिए अब 22-24 रुपये देने पड़ रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि सप्लाई बहुत कम हो गई है। ओडिशा में पानी से फसल भी बर्बाद हुई। किसान भी अब खेती कम करते हैं। इन सबके कारण दाम बढ़ रहे हैं। पान कारोबारियों का कहना है कि बंगाल और ओडिशा से आने वाला मीठा पान ग्राहकों के बीच काफी पसंद किया जाता है। इसकी मांग अधिक होने और सप्लाई कम होने के कारण कीमतों में तेजी आ रही है।
4 दिन में डोली के दाम 550 रुपये तक बढ़ गए हैं। बनारसी पान की डोली के लिए अब 600 से 620 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। एक पान का पत्ता 10 रुपये तक मिल रहा है, जो नवरात्र पर सात रुपये का बिका था। उससे पहले वो पांच रुपये का था।
इन कारणों से बढ़ रही पान की कीमत
पान की कीमतों में तेजी के पीछे कम उत्पादन, आपूर्ति में कमी जैसे कारण बताए जा रहे हैं। कुछ कारोबारियों का कहना है कि ओडिशा में बारिश के कारण फसल बर्बाद हुई। वहीं बंगाल में दुर्गा पूजा के कारण महीने भर तंबाकू व पान आदि का काम नहीं होता।
ट्रांसपोर्टेशन के कारण भी खर्च बढ़ता है। कोलकाता, ओडिशा, बंगाल से ट्रेन से पान के पत्ते आते हैं। वहीं, बनारस और आस-पास के शहरों से बस और ट्रक से भी आपूर्ति होती है।
कारोबारी बांके बिहारी ने बताया कि चार दिन में मीठे पान की डोली 350 रुपये से बढ़कर 900 रुपये तक पहुंच गई है। इतनी तेजी से दाम बढ़ने से कारोबार पर असर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- जींद से होकर वृंदावन-आगरा जाएगी स्पेशल ट्रेन, क्या रहेगी टाइमिंग और कहां होगा ठहराव? जानें पूरा शेड्यूल
