आगरा में प्रकाश पर्व पर हाईवे पर नहीं चलेंगे हैवी व्हीकल्स, वैकल्पिक रूट का है इंतजाम
गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर 24 नवंबर को आगरा में गुरुद्वारा गुरु का ताल पर कीर्तन व लंगर होगा। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर 24 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु का ताल में कीर्तन समागम, लंगर प्रसाद वितरण के साथ ही आतिशबाजी होगी। प्रकाश पर्व को देखते हुए शनिवार को एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने आयोजकों के साथ बैठक की।
डीसीपी यातायात ज्ञानेंद्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 24 नवंबर की सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली और फिरोजाबाद की ओर से आने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है।
ये रहेगा मार्ग परिवर्तन
- राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाइपास से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- फिरोजाबाद से मथुरा के लिए भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे एवं उत्तरी बाइपास होकर जाएंगे।
- दिल्ली-मथुरा से फिरोजाबाद-कानपुर जाने वाले वाहन रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास, रोहता नहर चौराहा, दिगनेर मार्ग और इनर रिंग रोड से उत्तरी बाइपास होकर जाएंगे।
- फिरोजाबाद से ग्वालियर-जयपुर जाने वाले वाहन कुबेरपुर कट से इनर रिंग रोड, दिगनेर पुलिया, रोहता नहर होकर अथवा रमाडा से इनर रिंग रोड, शमशाबाद-इरादतनगर-सैंया होकर जाएंगे।
- जयपुर से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन महुअर कट से दक्षिणी बाईपास, बाद गांव, रोहता नहर चौराहा, दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड और एत्मादपुर होकर जाएंगे।
- जयपुर से ग्वालियर-मथुरा की ओर जाने वाले वाहन महुअर कट से दक्षिणी बाइपास होकर निकलेंगे।
- अलीगढ़ से फिरोजाबाद की ओर आने वाले वाहन खंदौली से मुड़ी चौराहा होकर एत्मादपुर पर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से जाएंगे। मुड़ी चौराहे से टेढ़ी बगिया और रामबाग आने वाले भारी वाहन एत्मादपुर-खंदौली होकर निकलेंगे।
- ग्वालियर-जयपुर से अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन दक्षिणी बाइपास, रोहता चौराहा, रोहता-दिगनेर मार्ग, एकता चौकी, तोरा चौकी और इनर रिंग रोड अथवा दिगनेर से गुतिला अंडरपास होकर जाएंगे।