'टेंपल ऑफ लव' है ताजमहल
बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबराय ने नए साल के पहले दिन सोमवार को दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार किया। उन्होंने कहा कि ताजमहल टेंपल ऑफ लव है, जिसे देखे बगैर किसी भी पर्यटक का भारत घूमना अधूरा है।
जागरण संवाददाता, आगरा: बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबराय ने नए साल के पहले दिन सोमवार को दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार किया। उन्होंने कहा कि ताजमहल टेंपल ऑफ लव है, जिसे देखे बगैर किसी भी पर्यटक का भारत घूमना अधूरा है।
अभिनेता अपनी पत्नी प्रियंका अल्वा के साथ सोमवार दोपहर करीब एक बजे ताज पहुंचे थे। काले रंग का कुर्ता-पायजामा और उसके ऊपर सफेद रंग की शॉल पहने विवेक को पूर्वी गेट पर पहुंचते ही पर्यटकों ने घेर लिया। उनके साथ सेल्फी लेने और फोटो खिंचाने की होड़ मच गई। विवेक ने अपने फैन को निराश भी नहीं किया और उनके साथ फोटो खिंचवाए। सुरक्षा घेरे में किसी तरह उन्हें स्मारक के अंदर ले जाया गया। रॉयल गेट पर पहुंचने के बाद विवेक ताज की खूबसूरती में खोए हुए नजर आए। यहां पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले अपने स्मार्टफोन से ताज की फोटो ली। मुख्य मकबरे पर पहुंचने के बाद वह रूमानी हो उठे। पत्नी के साथ मुख्य मकबरे पर सेल्फी लेने के साथ फोटो भी खिंचाए। वह जिधर जाते पर्यटक उनके संग चलने लगते। इससे सुरक्षाकर्मियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। करीब 40 मिनट तक वह स्मारक में रहे और इस दौरान फैन उन्हें घेरे रहे।
स्मारक से बाहर आने के बाद विवेक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ पहली बार ताज देखने आए हैं। उनकी विजिट काफी अच्छी रही। ताज दुनिया को मोहब्बत का संदेश देता है। हमें भी अपने व्यवहार व काम से कुछ ऐसा ही संदेश देना चाहिए। उन्होंने बताया कि इन दिनों वह अमेजन फिल्म और एकता कपूर के साथ दो प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। शीघ्र ही वह एक एक्शन फिल्म में दमदार रोल करते हुए नजर आएंगे।