ताजमहल के पास बनेंगे काउ कैचर
जागरण संवाददाता, आगरा: अब ताजमहल के आसपास भी काउ कैचर बनाए जाएंगे। इससे स्मारकों के आसपास घूमने वाले पशुओं पर रोक लगाई जा सकेगी। इनकी वजह से राष्ट्राध्यक्षों के दौरे के दौरान कई बार अफरातफरी मच चुकी है।
जागरण संवाददाता, आगरा: अब ताजमहल के आसपास भी काउ कैचर बनाए जाएंगे। इससे स्मारकों के आसपास घूमने वाले पशुओं पर रोक लगाई जा सकेगी। इनकी वजह से राष्ट्राध्यक्षों के दौरे के दौरान कई बार अफरातफरी मच चुकी है।
ताजमहल के पूर्वी व पश्चिमी गेट के सामने से पहले भैंसों को यमुना तक ले जाया जाता था। दुनिया भर से आए पर्यटकों के समक्ष इससे देश की छवि खराब होती थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद इस पर विराम लगा। लेकिन आवारा पशुओं पर आज तक पाबंदी नहीं लग सकी है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की विजिट के दौरान आवारा पशु ताज पूर्वी गेट तक पहुंच गए थे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को इन्हें पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। अब ताज के पास घूमने वाली गायों और बैलों को पकड़ने के लिए काउ कैचर बनाने की तैयारी है। पर्यटन सुविधाओं व पर्यटन विकास को कमिश्नर की अध्यक्षता में पिछले दिनों हुई बैठक में ताज के आसपास व प्रमुख मार्गो पर आवारा जानवरों के विचरण पर रोक लगाने को काउ कैचर बनाए जाने पर सहमति बनी थी। इसके लिए सीओ ताज सुरक्षा प्रभात कुमार व उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार को सर्वे कर स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही कहा गया था कि इसके लिए ताजमहल के आसपास ताजगंज प्रोजेक्ट में बनी सड़कों को खोदने की आवश्यकता नहीं पड़े। उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि ताजमहल के पास काउ कैचर बनाने को जगह चिह्नित कर ली गई हैं। शीघ्र ही वहां काम शुरू कराया जाएगा।