जागरण संवाददाता, आगरा: सदर की क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने शोहदे की धमकी से परेशान होकर जान दे दी। आरोप है कि युवक छह महीने से फोन पर उसे परेशान कर रहा था। जानकारी होने पर किशोरी के स्वजन ने उसे समझाने का प्रयास किया। आरोपित किशोरी व उसके स्वजन को धमकी देने लगा। जिसके चलते किशोरी ने शुक्रवार की शाम को खुदकुशी कर लिया। स्वजन ने मामले में भानू और बस्ती की एक महिला को खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने व धमकी देने में नामजद किया है।
छह महीने से परेशान कर रहा था आरोपित
सदर क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की शाम को कमरे में पंखे पर दुपट्टे से लटकी मिली। स्वजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने पुलिस काे बताया कि पुत्री को करीब छह महीने से भानू निवासी उखर्रा फोन पर परेशान कर रहा था। वह उनकी पुत्री को सीधे फोन नहीं करता था। शारदा नाम की महिला को फोन करता। महिला उनकी पुत्री को अपने घर पर बुलाती। उसकी भानू से बात कराती थी।
स्वजन ने बताया कि उन्हें इसका पता चला। उन्होंने भानू को समझाने का प्रयास किया। उसकी हरकतों का विरोध किया। जिस पर वह धमकी देने पर उतर आया। फोन पर धमकी दी कि वह भविष्य में कहीं अन्य जगह उसकी शादी नहीं होने देगा। उसकी किसी और जगह शादी हुई तो वह उसे और स्वजन दोनों की हत्या कर देगा। जिसके चलते पुत्री तनाव में रहने लगी थी।
समाज की पंचायत के बाद भी नहीं माना भानू
स्वजन ने पुलिस को बताया कि आरोपित की हरकतों पर रोक लगाने के लिए मामला समाज की पंचायत में भी रखा गया। समाज के लोगों ने भी भानू को किशोरी से फोन पर बात नहीं करने की कहा था। इसके बावजूद वह नहीं माना। उसे लगातार परेशान और धमकी देता रहा।
वर्जन
किशोरी के पिता की तहरीर भानू के खिलाफ किशोरी को खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अभियोग दर्ज किया है। विवेचना की जा रही है।
- नीरज कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक सदर