Agra News: इटली से भारत खींच लाया भारतीय संस्कृति से प्यार, हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर मनाई 40वीं वर्षगांठ
Italian Couple get married at Agra ताजमहल के साये में इटली के दंपती ने अपनी शादी की 40वीं वर्षगांठ भारतीय परंपरा से मनाई। उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजाें से पुन शादी कर सात जीवन तक एक दूजे का साथ निभाने का वादा किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारत में जहां हम सनातन संस्कृति और संस्कारों को भूलते देते जा रहे हैं, वहीं विदेशी पर्यटकों को भारतीय संस्कृति भा रही है। वह भारतीय परंपराओं को अपना रहे हैं। ताजमहल के साये में इटली के दंपती ने अपनी शादी की 40वीं वर्षगांठ भारतीय परंपरा से मनाई। उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजाें से पुन: शादी कर सात जीवन तक एक दूजे का साथ निभाने का वादा किया।
इटली निवासी माउरो (70) और स्टेफनिया (65) अपनी शादी की 40वीं वर्षगांठ भारतीय परंपरा से मनाने की इच्छा लेकर 28 नवंबर को भारत आए थे। उन्होंने अपनी इच्छा अपने टूर आपरेटर एमटीए को बताई। भारतीय संस्कृति से उनके लगाव और उनकी इच्छा को देखते हुए हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी शादी की 40वीं वर्षगांठ को खास मनाने की तैयारी की गई।
भारतीय परिधानों में निहारा ताजमहल
शादी से पूर्व दोनों ने परंपरागत भारतीय परिधानों में ताजमहल निहारा। ताजमहल के पूर्वी गेट के नजदीक स्थित बान वालों की बगीची में हिंदू रीति-रिवाजों से दोनों की शादी कराई गई। ढोल की थाप और शहनाई की धुन पर परंपरागत भारतीय परिधानों में सजे दूल्हा-दुल्हन बारात में शामिल हुए।
मांग में भरा सिंदूर, पहनाया मंगलसूत्र
दोनों ने सात फेरे लिए और माउरो ने स्टेफिनया की मांग में सिंदूर भरने के साथ मंगलसूत्र पहनाया। पं. प्रवीण दत्त शर्मा ने शादी की सभी रस्में संपन्न कराईं। गाइड मनीष शर्मा की सहायता से उन्होंने दंपती को शादी के सात वचनों की जानकारी दी।
दोनों पांच वर्ष से ताजमहल के साये में भारतीय परंपरा से शादी की योजना बना रहे थे। माउरो और स्टेफनिया की यह सातवीं भारत यात्रा थी। प. ब्रह्मदत्त शर्मा, पदमचंद जैन, विशाल जैन, अरविंद अग्रवाल, सुनील दत आदि मौजूद रहे।