विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Agra News: कार से भरतपुर ले जा रहे थे चार कुंतल मांस, चालक गिरफ्तार; 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Published: Fri, 05 Sep 2025 10:16 PM (IST)

आगरा में एक कार में चार क्विंटल मांस ले जाया जा रहा था जिसे हिंदू संगठनों ने पकड़ा। पीछा करने ...और पढ़ें

कार से भरतपुर ले जा रहे थे चार कुंतल मांस, चालक गिरफ्तार।
कार से भरतपुर ले जा रहे थे चार कुंतल मांस, चालक गिरफ्तार।

HighLights

  1. कार में चार कुंतल मांस बरामद |
  2. गोमांस तस्करी का आरोप लगाया |
  3. नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज |

जागरण संवाददाता, आगरा। कार में चार कुंतल मांस लादकर भरतपुर ले जाया जा रहा था। गोपनीय सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पीछा कर चालक को कार समेत धर दबोचा।

हालांकि इस हड़बड़ी में चालक नियंत्रण खो बैठा और कराही क्षेत्र में उसकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बरामद मांस के नमूने जांच को भिजवाए गए हैं। घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने गोमांस की तस्करी का आरोप लगाया।

मामले में पुलिस ने नौ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्माचार्य प्रमुख ओमी टीकरी ने बताया कि शुक्रवार सुबह सात बजे सूचना मिली थी कि कुछ वाहनों से गोमांस भरतपुर ले जाया जा रहा है।

इस पर उन्होंने जिला सह मंत्री मनोज शर्मा, नगर अध्यक्ष हरिओम मंगल समेत अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बुला लिया। हिंदू कार्यकर्ताओं ने वाहनों का पीछा शुरू कर दिया। जिला धर्माचार्य प्रमुख ने बताया कि तीन वाहन तो राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर भाग निकले। वहीं कार कराही क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें से चार बोरे मांस बरामद हुआ।

कार्यकर्ताओं ने चालक को पकड़कर पुलिस के सिपुर्द कर दिया। उन्होंने गोमांस की तस्करी का आरोप लगाया। बताया कि उनके पीछा करने पर तीन वाहन सवार लोग भाग निकले। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर आनंद वीर सिंह ने मौके पर पहुंच स्थिति संभाली।

पशु चिकित्सा अधिकारी डा. संजय तोमर ने मांस के दो नमूने जांच को भेजे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष आदित्य फौजदार की तहरीर पर तालिब, छोटे, मेहराज, रहीस, अरमान, जावेद, रहीस कुरैशी, शहजाद और आसिफ निवासीगण ऊपर पहाड़ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार तालिब से पूछताछ की जा रही है। जिला गोरक्षा प्रमुख पुष्पेंद्र चाहर, हरिओम, मिथुन राजपूत, जतिन राजपूत, रविकांत शर्मा, राजकुमार, सोनू मंगल, शशि कृष्णा, यदुवीर माहुरा मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।