Agra News: एडीजी सुरक्षा का निरीक्षण, ताज की सुरक्षा को बनेगा इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम
Agra News गुरुवार सुबह अपर महानिदेशक (एडीजी) सुरक्षा विनोद कुमार सिंह ताजमहल पहुंचे। डीएम एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों के साथ ले रहे हैं यहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा। उन्होंने दशहरा घाट और मेहताब बाग में बने वाच टॉवरों का भी निरीक्षण किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनेगा। अपर महानिदेशक (एडीजी) सुरक्षा विनोद कुमार सिंह ने गुरुवार को ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को ताज की सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंट्रीगेटेड कंट्रोल रूम के प्रोजेक्ट का प्रस्ताव बनाकर देने की कहा। जिससे कि ताज की सुरक्षा से संबंधित सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय बना काम कर सकें। ताज की निगरानी में लगे सीसीटीवी कैमरों के लिए कंट्रोल रूम बना है, लेकिन इसका अन्य सुरक्षा एजेंसियाें से पूरी तरह समन्वय नहीं है।
बैरियर एवं तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या के बारे में जानकारी ली
एडीजी सुरक्षा गुरवार सुबह करीब 11 बजे ताजमहल पहुंचे। उन्होंने ताजमहल परिसर के सुरक्षा व्यवस्था को देखा। जिसके बाद रेड एवं यलो जोन भी गए, वहां लगे बैरियर एवं तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या अादि के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान आइजी रेंज नचिकेता झा, उप महानिरीक्षक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत पुलिस प्रशासन के अधिकारी साथ थे।
विभागों के साथ डेढ़ घंटे से अधिक बैठक
ताज के बाद एडीजी सीधे सर्किेट हाउस आए। यहां पर ताजमहल की सुरक्षा एवं रख-रखाव आदि से संबंधित सभी विभागों के साथ डेढ़ घंटे से अधिक बैठक की। अधीनस्थों को ताजमहल के सुरक्षा प्लान को समय-समय पर अपडेट करने की कहा। इसके साथ ही विशेष कार्य योजना (एसओपी) के बेहतर कार्यान्वयन के लिए माक ड्रिल की संख्या बढ़ाने की कहा।
समीक्षा बैठक में ये अधिकारी रहे माैजूद
आइजी रेंज नचिकेता झा, डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, उप महानिरीक्षक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल एसपी सिटी विकास कुमार, एडीए उपाध्यक्ष, एडीएम सिटी, एसडीएम सदर, सीओ सदर, सीओ ताज सुरक्षा, उप सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी के अलावा इंटेलीजेंस ब्यूरो, नगर निगम व टोरेंट आदि के अधिकारी उपस्थित रहे।