आगरा में न्यू दक्षिणी बाईपास पर तीसरी आंख का पहरा, 96 कैमरों से होगी निगरानी
आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर अब 96 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही और संदिग्ध ...और पढ़ें

न्यू दक्षिणी बाईपास पर लगाए गए कैमरे।
HighLights
वाहनों की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर।
अपराधों की रोकथाम और जांच में मिलेगी मदद।
संवाद सूत्र, अकोला (आगरा)। न्यू दक्षिणी बाईपास पर अब तीसरी आंख का पहरा रहेगा। 32.8 किलोमीटर लंबे इस बाईपास पर 96 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरो से वाहनों की आवागमन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही दुर्घटना या आपराधिक घटना होने पर संबंधित वाहन और आरोपितों की पहचान करने में भी पुलिस और एनएचएआई के कर्मचारियों को मदद मिलेगी।
450 करोड़ की लागत से बने न्यू दक्षिणी बाईपास का 2016 में लोकार्पण हुआ था। इस बाईपास बनने के बाद से दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ता है। ये वाहन इस बाईपास से डायवर्ट होकर सीधे ग्वालियर, जयपुर की ओर गुजर जाते हैं। यह मथुरा आगरा दिल्ली हाईवे से ग्वालियर हाईवे को जोड़ता है। इसे ताजनगरी को जाम से मुक्ति दिलाने में संजीवनी माना जाता है।
न्यू दक्षिणी बाईपास पर 96 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। बाईपास पर कैमरे लगाए जाने से निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। एनएचएआइ के कर्मचारियों और पुलिस को भी इन कैमरों से मदद मिलेगी।
लूट और छिनैती की घटनाओं पर लगेगा अंकुश
न्यू दक्षिणी बाईपास पर पूर्व में लूटपाट और छिनैती जैसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। यह बाईपास मलपुरा, किरावली, कागारौल और अछनेरा क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में कैमरों से पूरे मार्ग की निगरानी होने पर आपराधिक वारदातों की रोकथाम और घटनाओं के पर्दाफाश में पुलिस और एनएचएआई के कर्मचारियों को मदद मिलेगी।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित कुमार ने बताया कि करीब दो लाख रुपये प्रति कैमरे की लागत से बाईपास पर कुल 96 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनकी निगरानी रायभा टोल स्थित कंट्रोल रूम से की जाएगी। एनएचएआइ के कर्मचारी कैमरों के माध्यम से बाईपास पर होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे।