आगरा: लूट के आरोपितों को पकड़ने पहुंची दिल्ली पुलिस पर पथराव, वर्दी फाड़ी और बदमाशों को छुड़ा ले गई भीड़; 3 पर FIR
दिल्ली पुलिस पर आगरा में लूट के आरोपियों को पकड़ने के दौरान भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें गाड़ी के शीशे तोड़े गए और पुलिसकर्मियों से मारपीट की गई।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दिल्ली पुलिस पर आगरा में भीड़ ने हमला किया।
लूट के आरोपी अभिषेक और अनिकेत को छुड़ाया गया।
तीन महिलाओं सहित अज्ञात पर मुकदमा दर्ज हुआ।
जागरण संवाददाता, आगरा। लूट के आरोपितों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस पर मंगलवार रात भीड़ ने हमला बोल दिया। पथराव कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। अफरातफरी के बीच आरोपितों को छुड़ाकर भगा दिया। स्थानीय पुलिस को साथ नहीं लेने से दिल्ली पुलिस को वहां से जान बचाकर भागना पड़ा। सूचना पर हरीपर्वत थाने की पुलिस पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपित भाग चुके थे। तीन महिलाओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिल्ली नार्थ के थाना सब्जी मंडी क्षेत्र में हुई लूट में अभिषेक उर्फ जूडी और अनिकेत उर्फ कालू निवासी गिहारा बस्ती हरीपर्वत वांछित थे। मंगलवार रात 11 बजे इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की टीम पहुंची। दिल्ली पुलिस के एसआइ सुमित ने बताया कि दोनों आरोपितों अभिषेक और अनिकेत को पकड़कर कार में बिठाने के बाद स्थानीय थाने के लिए निकले।
कार से निकालकर भगाया
इसी बीच एक आरोपित के परिवार वालों ने रास्ता रोक लिया। वे कुछ समझ पाते इससे पहले भीड़ जुट गई। तीन महिलाओं ने भीड़ को भड़का दिया। इस पर भीड़ ने हमला बोल दिया। पथराव कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। उनके साथियों के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। अफरातफरी के बीच अभिषेक और अनिकेत को कार से निकालकर भगा दिया।
यह भी पढ़ें- गोद में बच्चा और साथ में पति, बागपत में देवर संग शादी करने सामूहिक विवाह के मंडप पहुंची महिला
दिल्ली पुलिस पर हमले की सूचना पर हरीपर्वत थाने की पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपित वहां से भाग निकले थे। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि अभिषेक की पत्नी प्राची, मां बबिता, बहन अंजली समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित फरार हैं।
