आगरा में मतगणना के दौरान रात डेढ़ बजे बवाल: सपा-भाजपा समर्थक भिड़े, प्रत्याशी का कुर्ता फाड़ा; धरने पर बैठे BJP उम्मीदवार
आगरा में विधान परिषद शिक्षक चुनाव की मतगणना के दौरान मंगलवार रात सपा और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो ...और पढ़ें

HighLights
आगरा में विधान परिषद शिक्षक चुनाव मतगणना के दौरान झड़प।
सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल का कुर्ता फटा, मारपीट के आरोप।
भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी धरने पर बैठे, मतगणना रुकी।
जागरण संवाददाता, आगरा। विधान परिषद शिक्षक चुनाव की मतगणना के दौरान मंगलवार रात गहराने के साथ-साथ माहौल गर्माता रहा। रात डेढ़ बजे सपा और भाजपा समर्थक भिड़ गए। दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए। सपा प्रत्याशी डा.आकाश अग्रवाल ने मारपीट कर कुर्ता फाड़ने के आरोप लगाए। कुछ देर बाद भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान मतगणना रुक गई।
मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना में रात नौ बजे दूसरे राउंड की गणना पूरी हो चुकी थी। सपा प्रत्याशी डा.आकाश अग्रवाल तीन हजार वोटों से आगे हो गए। हालांकि प्रशासन ने रात साढ़े 12 बजे तक दूसरे राउंड की गणना के परिणाम घोषित नहीं किए। रात एक बजे डा.आकाश पांडाल से समर्थकों के साथ बाहर निकले, उनका कुर्ता फटा हुआ था। उनका कहना था कि भाजपा प्रत्याशी की ओर से पुनर्गणना के लिए प्रार्थना पत्र दिया जा रहा था।
कार्रवाई की मांग पर अड़े
इसी बीच भाजपा समर्थक आए और उनके साथ मारपीट करते हुए कुर्ता फाड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हार की बौखलाहट से हमला किया गया। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मूक दर्शक बने रहे। कुछ देर बाद भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी अपने समर्थकों के साथ पांडाल से बाहर निकले और सपा समर्थकों पर गुंडई करने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि पुलिस सपा समर्थकों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जब तक कार्रवाई नहीं की जाती, वे गणना पांडाल में नहीं जाएंगे।
यह भी पढ़ें- UP MLC Result LIVE: यूपी की 11 सीटों पर आने लगे रुझान, मेरठ में भाजपा की जीत, आगरा में सपा को बढ़त, मतगणना जारी
दोनों तरफ से तनाव बढ़ता देख पुलिस के अधिकारी पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी। रात पौने दो बजे तक भाजपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के धरने पर बैठे थे। वहीं सपा समर्थकों का आरोप है कि चार हजार वोटों से आकाश अग्रवाल चुनाव जीत चुके हैं। प्रशासन परिणाम घोषित करने में जान-बूझकर देरी कर रहा है। इसकी जानकारी होने पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी से बात कर उन्हें पांडाल में ले गए।
