आगरा खंड एमएलसी चुनाव: हंगामे और गड़बड़ी के बाद तीन बूथों का मतदान निरस्त, सोमवार को दोबारा वोटिंग
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में फतेहाबाद, खेरागढ़ और सैंया के तीन बूथों पर हुए मतदान को गड़बड़ी के आरोपों के बाद निरस्त कर दिया गया है।

HighLights
आगरा एमएलसी चुनाव के तीन बूथों पर मतदान निरस्त।
फतेहाबाद, खेरागढ़, सैंया में सोमवार को होगा पुनर्मतदान।
सपा प्रत्याशी ने बूथ कैप्चरिंग, मारपीट की शिकायत की।
जागरण संवाददाता, आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को फतेहाबाद, खेरागढ़ और सैंया के तीन बूथों पर हुए मतदान को निरस्त किया गया है। अब इन केंद्रों पर सोमवार को पुनर्मतदान कराया जाएगा।
सपा प्रत्याशी डा. आकाश अग्रवाल ने शुक्रवार को हुए मतदान में कुछ बूथों पर गड़बड़ी की शिकायत की थी। भाजपा कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चरिंग व मारपीट के आरोप लगाए थे। इंटरनेट मीडिया में बूथ में भाजपा कार्यकर्ताओं के घुसने और बैलेट पेपर फैलाने के वीडियो प्रसारित हुए थे।
मतदान के दौरान फतेहाबाद ब्लाक कार्यालय में बने बूथ नंबर 26 में भाजपा कार्यकर्ता घुस गए। बैलेट पेपर को फैला दिया। सपा के बूथ एजेंट को बाहर निकाल दिया।
यह भी पढ़ें- 307 करोड़ से होगा 'ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग' का चौड़ीकरण, धार्मिक महत्व वाली 21 सड़कों पर भी खर्च होंगे 369 करोड़
आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के भतीजे अनिल तिवारी ने सपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की। सैंया ब्लाक कार्यालय के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 21 व खेरागढ़ तहसील के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 20 में भी मनमानी के आरोप हैं।
