विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में चार घंटे बंद रहेगा एमजी रोड, थमे रहेंगे ट्रेनों के पहिये भी; मेट्रो लाइन पर चलेगा काम

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:14 PM (IST)

आगरा में प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े मेट्रो पुल पर स्टील गर्डर रखने की तैयारी तेज हो गई है। इस कार्य के चलते एमजी रोड चार घंटे और टूंडला-आगरा रेल खंड पर तीन घंटे तक ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा।

रावली पुल को तैयार करने में जुटे कर्मचारी।

रावली पुल को तैयार करने में जुटे कर्मचारी।

जागरण संवाददाता, आगरा। प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े मेट्रो पुल पर स्टील गर्डर रखने की तैयारी तेज हो गई है। यह कार्य दो से तीन दिन में होगा। रावली पुलिया पर बन रहे पुल पर गर्डर रखने के चलते एमजी रोड चार घंटे और टूंडला-आगरा रेल खंड पर तीन घंटे तक ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। 360 मीट्रिक टन वजन के गर्डर की लंबाई 60 मीटर है।

उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने 26 हजार बोल्ट्स लगाने का काम पूरा कर चुकी है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक मेट्रो का दूसरा कारिडोर 16 किमी लंबा है। इसका ट्रैक एमजी रोड से होकर गुजरता है। इस ट्रैक पर रावली पुलिया, हरीपर्वत पुलिया पर 60-60 मीटर के स्टील गर्डर रखे जाएंगे। यह गर्डर गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में तैयार हो चुके हैं। गर्डर की चौड़ाई साढ़े चार मीटर है।

सामान्य तौर पर मेट्रो गर्डर की लंबाई 28 मीटर और वजन 160 मीट्रिक टन के आसपास होती है लेकिन इस गर्डर का वजन 360 मीट्रिक टन है। यूपीएमआरसी अधिकारियों ने मंगलवार को मेट्रो डिपो कार्यालय में बैठक कर तय किया कि दो से तीन दिनों में प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े गर्डर की लांचिंग होगी। इसके चलते एमजी रोड स्थित रावली पुलिया की दोनों लेन रात 12 बजे के बाद चार घंटे के लिए बंद होंगी।

इस मार्ग से प्रतिदिन दो लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। इसी प्रकार टूंडला-आगरा रेल खंड पर तीन घंटे तक ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। इस ट्रैक पर प्रत्येक 10 मिनट में एक ट्रेन का संचालन होता है। संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि संरक्षा के चलते एमजी रोड पर वाहनों और ट्रेनों का संचालन बंद किया जाएगा। कार्य खत्म होने के बाद यातायात का संचालन होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।