आगरा मेट्रो ने पीछे की बेरीकेडिंग, एमजी रोड के शोरूम्स को दीवाली पर मिली राहत
आगरा में एमजी रोड पर मेट्रो की बैरिकेडिंग को पीछे हटाया जा रहा है, जिससे दुकानदारों और वाहन चालकों को ...और पढ़ें

स्पीड कलर लैब से सूरसदन को जाने वाली तरफ पीछे की गई मेट्रो की बेरीकेडिंग।
जागरण संवाददाता, आगरा। एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा तक लगी बैरिकेडिंग को पीछे करना शुरू हो गया है। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने रविवार सुबह दो मीटर पीछे बैरिकेडिंग कर ली। बाकी जगहों पर इसे पीछे किया जा रहा है। टीम ने सूरसदन तिराहा से स्पीड कलर लैब की लेन की मरम्मत भी करा दी है। इस हिस्से में नाले को भूमिगत कर दिया गया है।
यह कदम डीएम मनीष बंसल की नाराजगी के बाद यूपीएमआरसी अधिकारियों ने उठाया है। इससे पहले लगातार एक साल से एमजी रोड स्थित शोरूम्स और शॉप्स के संचालक लगातार इस बात को उठा रहे थे। उनका कहना था कि जब इस पैच में मेट्रो ने काम ठप कर रखा है तो बेरीकेडिंग लगाकर क्यों छोड़ दी गई है।
इससे स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा तक वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन जाम लगता है। डीएम मनीष बंसल ने यूपीएमआरसी के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार से रिपोर्ट मांगी। टीम ने जांच की। रविवार सुबह टीम ने आधा दर्जन कर्मचारियों को लगाकर बैरिकेडिंग को दो मीटर पीछे कर दिया गया है। बाकी हिस्से की बैरिकेडिंग पीछे की जा रही है।
परियोजना निदेशक ने बताया कि जिन जगहों पर गड्ढे हैं। उन्हें भी भर दिया गया है। हरीपर्वत चौराहा के आसपास भी रोड की मरम्मत कराई जा रही है। दीवानी चौराहा के पास भी कार्य शुरू हो गया है।
जल्द हटाई जाए बैरिकेडिंग, ठीक से भरे जाएं गड्ढे
डीएम मनीष बंसल ने एमजी रोड पर जिन जगहों पर मेट्रो कार्य पूरा हो गया है। उन सभी जगहों से बैरिकेडिंग हटाने के लिए कहा गया है। ठीक तरीके से गड्ढों को भरने या फिर नई रोड के निर्माण के आदेश जारी किए गए हैं।