बिजली गिरने पर किसानों की जान बचाएगा वज्र-एक्स 3000, साइंस एग्जीबिशन में दिखा कमाल
आगरा में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। आकाश चौरसिया के वज्र-एक्स ...और पढ़ें

एमडी जैन इंटर कॉलेज में अपना मॉडल प्रदर्शित करतीं छात्राएं।
जागरण संवाददाता, आगरा। खेतों में काम करने वाले किसानों को आकाशीय बिजली से बचाने की कल्पना और आधुनिक तकनीक से लैस ऊर्जा दक्ष स्मार्ट सिटी का माॅडल। विद्यार्थियों की इस वैज्ञानिक सोच और नवाचार ने बुधवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कालेज में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान माॅडल प्रदर्शनी में सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उप्र द्वारा जिला विज्ञान क्लब के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में 67 विद्यालयों के 214 विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक माॅडल प्रस्तुत किए। इनमें आकाश चौरसिया के वज्र-एक्स 3000 माडल को प्रथम स्थान मिला, जबकि सेंट जोसेफ कन्या इंटर कालेज की छात्रा अनुष्का गोला और बुलबुल के ऊर्जा दक्ष स्मार्ट सिटी माॅडल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
तीसरा स्थान बल्केश्वर स्थित गणेशराम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा साक्षी शर्मा ने प्राप्त किया। वहीं सांत्वना पुरस्कार राजकीय बालिका इंटर कालेज, शाहगंज की कनिष्का और डीएवी इंटर कालेज की छात्रा रानी और तनिष्का को मिला। डीएम मनीष बंसल ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। साथ ही विद्यार्थियों के माॅडलों का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर आसपास की समस्याओं को पहचानना चाहिए और विज्ञान व तकनीकी के माध्यम से उनके समाधान खोजने चाहिए। उन्होंने छात्राओं की बड़ी संख्या में सहभागिता को भी उत्साहजनक बताया।
किसानों की सुरक्षा के लिए बनाया वज्र-एक्स 3000
एमडी जैन इंटर कालेज के कक्षा 12वीं के छात्र आकाश चौरसिया ने आकाशीय बिजली से किसानों की सुरक्षा की कल्पना पर आधारित वज्र-एक्स 3000 माॅडल तैयार किया। आकाश ने बताया कि खेतों में काम करने वाले किसानों को बिजली गिरने से जान का खतरा रहता है। इसी समस्या को देखते हुए उसने यह प्रोजेक्ट बनाया है।
इसमें तीन परतों वाले इंसुलेटर की परिकल्पना की गई है, जिसमें लेदर, फोम और एडवांस्ड लेदर का इस्तेमाल किया गया है। माडल का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से किसानों की सुरक्षा के बेहतर उपाय तलाशना है। इस माडल ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रा्प्त किया।
स्मार्ट सिटी माडल से दिखाई ऊर्जा बचत की राह
वहीं सेंट जोसेफ कन्या इंटर कालेज की कक्षा नौवीं की छात्राएं अनुष्का गोला और बुलबुल ने ऊर्जा दक्ष स्मार्ट सिटी का माॅडल प्रस्तुत किया। इसमें सौर ऊर्जा, आटोमैटिक स्ट्रीट लाइट, वर्टिकल विंड टर्बाइन, स्मार्ट डस्टबिन और वायरलेस कार चार्जिंग जैसी तकनीकों को शामिल किया गया।
छात्राओं ने बताया कि इसका उद्देश्य बिजली की बचत, प्रदूषण कम करना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है। उनका संदेश था कि ऊर्जा बचाएं, पर्यावरण बचाएं और स्मार्ट भारत बनाएं।
15 माॅडल मंडलीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम
प्रदर्शनी में चंद्रयान-थ्री, मिसाइल लांचिंग सिस्टम, होलोग्राम थ्रीडी, आटोमैटिक ब्रिज, रोड सेफ्टी, ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट क्लीन टायलेट, मेडिसिन रिमाइंडर बाक्स और कचरा प्रबंधन जैसे माॅडल भी आकर्षण का केंद्र रहे। निर्णायक मंडल ने कुल 15 माॅडलों का चयन मंडलीय प्रतियोगिता के लिए किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर पांच हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये के साथ सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक-एक हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।