आगरा में जमीन का विवाद ले बैठा खूनी रूप, मलपुरा में युवक के पेट में मारीं दो गोलियां
आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के नगला कारे गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव नगला कारे में गुरुवार सुबह जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी डंडे चलने लगे। विवाद बढ़ने पर फायरिंग हो गई। इसमें देवेंद्र उर्फ बंगाली पुत्र ऐदल सिंह के पेट में दो गोलियां लग गईं। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बताया गया है कि देवेंद्र पक्ष का आगरा के दूसरे पक्ष कार्तिक चौधरी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह कार्तिक चौधरी भूमि पूजन के लिए गया था। वहां पर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई। गोली लगने से देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दूसरा पक्ष मौके से फरार हो गया।
स्वजन घायल को उपचार के लिए नामनेर स्थित एसआर हॉस्पिटल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी पर डीसीपी और थाना प्रभारी मलपुरा समेत पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।