विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

KBC की हॉट सीट पर पहुंचे आगरा के लव गोयल, पिता का सपना पूरा करने को दो साल की मेहनत

By Raj PratapEdited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 26 Nov 2026 11:23 AM (IST)

आगरा के लव गोयल ने अपने पिता के सालों पुराने सपने को पूरा करने के लिए दो साल की कड़ी मेहनत के बाद कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की हॉट सीट पर जगह बनाई है। सेल्स मैनेजर लव गोयल अमिताभ बच्चन के सामने सवालों के जवाब देते नजर आएंगे, जिससे उनके परिवार और कॉलोनी में खुशी का माहौल है।

KBC में अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देते जल्द टीवी पर नजर आएंगे आगरा के लव गोयल।

KBC में अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देते जल्द टीवी पर नजर आएंगे आगरा के लव गोयल।

जागरण संवाददाता, आगरा। पिता का सालों पुराना सपना पूरा करने के लिए बेटे ने दो साल तक मेहनत की और आखिरकार कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की हाॅट सीट तक पहुंच गए। आवास विकास, बोदला निवासी लव गोयल सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर सवालों के जवाब देते नजर आएंगे।

पेशे से सेल्स मैनेजर लव के इस सफर में कई बार निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लव बताते हैं कि उनके पिता दीपक गोयल केबीसी शुरू होने के समय से ही इस शो को देखते आ रहे हैं। हर सीजन में वह टीवी के सामने बैठकर सवालों के जवाब देते थे। उनके मन में हमेशा इच्छा थी कि एक दिन उनका बेटा भी अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे।

वर्ष 2023 में पिता ने उनसे कहा कि बेटा, तुम भी केबीसी में जाने की कोशिश करो। पिता की इस बात को लव ने अपना लक्ष्य बना लिया। लव ने वर्ष 2024 से केबीसी के लिए तैयारी शुरू की। किताबों, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं और पुराने एपिसोड के जरिए अपनी जानकारी बढ़ाई। वर्ष 2025 में उन्होंने चयन प्रक्रिया के पांच राउंड पार कर लिए, लेकिन आगे बढ़ने के लिए फोन नहीं आया।

इससे निराशा जरूर हुई, लेकिन उन्होंने तैयारी जारी रखी। लव ने बताया कि वर्ष 2026 में उन्होंने छह राउंड पार किए और इस बार उन्हें मौका मिल गया। इसके लिए उन्होंने अपनी दिनचर्या तक बदल दी थी। सुबह ऑफिस जाना, शाम को पढ़ाई करना और रात में माॅक टेस्ट देना उनकी आदत बन गई थी।

उनकी बहन ने भी वर्ष 2024 में केबीसी के लिए प्रयास किया था, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकीं। बहन के प्रयास से भी उन्हें प्रेरणा मिली।दो साल की मेहनत के बाद लव ने पिता के सपने को हकीकत में बदल दिया। उनके चयन से परिवार में खुशी का माहौल है। कॉलोनी के लोग भी प्रसारित होने वाले उनके एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।