आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल पर लगा डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम, त्योहार पर सफर करने वाले परेशान
धनतेरस के कारण शुक्रवार शाम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल पर डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों को टोल पार करने में 30-35 मिनट लगे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लगी लंबी लाइन।
जागरण संवाददाता, आगरा। लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल पर शुक्रवार शाम को डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। टोल से गुजरने में वाहनों को 30 से 35 मिनट लग गए। शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन में वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। वहीं, शहर में खरीदारी को उमड़ी भीड़ के चलते वाहनों का दबाव पांच गुणा बढ़ने से ट्रैफिक रेंगता रहा।
चौराहों और बाजारों में पुलिस की सक्रियता के चलते जाम के हालात नहीं बने। दीपावली रविवार को है। शुक्रवार को धनतेरस के चलते अधिकांश लोग शाम को कार्यालयों में अवकाश होने क बाद त्योहार पर घर के लिए निकल लिए थे। जिससे शाम पांच बजे से लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल पर लखनऊ जाने वाली लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ना शुरू हो गया। टोल के सभी बैरियर खोलने के बावजूद वाहनों की लाइन लंबी होती चली।
रात आठ बजे तक वाहनों की लाइन डेढ़ किलोमीटर लंबी हो गई। इस दौरान कुछ वाहन चालकों ने अपनी लेन बदलने का प्रयास किया, जिससे अव्यवस्था पैदा हो गई। जाम में फंसने के कारण कारों और वाहनों में सवार यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। एक्सप्रेसवे जैसे तेज रफ्तार मार्ग पर जाम लगने से यात्रियों को परेशानी के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रही।
शुक्रवार सुबह से रात तक टोल से 40 हजार से अधिक वाहन निकले। फतेहाबाद टोल मैनेजर प्रमोद धनगर ने बताया कि शाम पांच बजे से अधिक वाहन आने के कारण जाम लगा है। लोग त्योहार पर घर लौट रहे हैं, इससे दवाब बड़ गया है। वहीं, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एमजी रोड समेत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर दोपहर से ही जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
पुलिसकर्मियों ने वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया। साथ ही यातायात पुलिस की क्यूआरटी टीमें भी लगातार सक्रिय रहीं। उन्होंने सड़क किनारे वाहनों को खड़ा नहीं हाेने दिया। जिससे जाम की स्थिति पैदा नहीं हुई, ट्रैफिक रेंगता रहा। चर्च राेड पर बने शोरूमों में खरीदारी को आने वालों के वाहनों की लंबी लाइन से जाम के हालात बने। पुलिस ने कुछ देर में आवागमन को सुचारू कराया।
डीसीपी ज्ञानेंद्र ने बताया कि जाम लगने वाले स्थानों को पहले से चिन्हित करके वहां पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। जिससे यातायात लगातार चलता रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।