विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कोहरे में बचाव की तैयारी, कम विजिबिलिटी में करना पड़ सकता है इंतजार

By Munna Lal Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 18 Nov 2026 05:27 AM (GMT+05:30)

यूपीडा ने सर्दियों में घने कोहरे से होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए एक्सप्रेसवे पर विशेष यातायात सुरक्षा ...और पढ़ें

आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे।

आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे।

संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। सर्दी के मौसम में घने कोहरे और धुंध के चलते एक्सप्रेसवे पर होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यूपीडा ने विशेष यातायात सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे सहित प्रदेश के पांच एक्सप्रेसवे पर अब कोहरे के दौरान कॉन्वाय सिस्टम से वाहनों का संचालन कराया जाएगा।

इसके तहत दृश्यता 50 मीटर से कम होने पर वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रुकवाया जाएगा। पर्याप्त संख्या में वाहन एकत्रित होने के बाद उन्हें काफिले के रूप में एक साथ रवाना किया जाएगा। इसके लिए टोल प्लाजा और एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने पुलिस आयुक्त आगरा, लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज सहित संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

वहीं मुख्य महाप्रबंधक (पश्चिमी) राजेश कुमार पांडेय ने सभी मुख्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों अथवा उनके वाचक से तत्काल संपर्क स्थापित कर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कराएं।

निर्देशों के मुताबिक, अधिक कोहरा होने पर जब दृश्यता 50 मीटर से कम रह जाएगी, तब एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम वाहनों को निकटतम टोल प्लाजा, वे-साइड अमेनिटीज, पेट्रोल पंप अथवा रेस्टोरेंट पर रुकवाएगी। यहां वाहनों को एकत्रित करने के बाद कॉन्वाय बनाकर एक साथ रवाना किया जाएगा, ताकि कम दृश्यता के कारण तेज रफ्तार वाहनों के आपस में टकराने और बड़े हादसों की आशंका को कम किया जा सके।

यह व्यवस्था आगरा-लखनऊ, गंगा, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर लागू की जानी है। संबंधित अधिकारियों को 15 नवंबर से ही एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दियों में कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यूपीडा ने पुलिस और सुरक्षा टीम के बीच समन्वय बनाकर यातायात संचालित कराने पर जोर दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।