पुराने या खोए हुए मतदाता पहचान पत्र घर बैठे बनवाएं, जानिए आवेदन करने का पूरा तरीका
अब आप अपना पुराना या खोया हुआ मतदाता पहचान पत्र घर बैठे ऑनलाइन बनवा सकते हैं। इसके लिए voters.eci.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर एक माह में डाक से पहचान पत्र प्राप्त किया जा सकता है।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। अगर आपका मतदाता पहचान पत्र पुराना हो गया है या फिर खो गया है तो इसे घर बैठे बनवा सकते हैं। इसे बनवाने के लिए आपको मतदाता सेवा केंद्र या फिर जिला निर्वाचन कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है।
सिर्फ ऑनलाइन आवेदन कीजिए और फिर एक माह में पहचान पत्र डाक से आपके घर पहुंचेगा। छह मतदाता सेवा केंद्रों में हर सप्ताह 25 से 30 आवेदन पहुंचते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि पहचान पत्र के लिए आनलाइन और मैनुअल तरीके से आवेदन किया जा सकता है।
- नए मतदाता पहचान पत्र के लिए सबसे पहले voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाएं।
- मोबाइल नंबर से लाॅगिन या पंजीकरण करना होगा। लागिन करते ही आपके मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड आएगा।
- फार्म-आठ पर क्लिक करें और उसकी जानकारी को भरें। आपका नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
- विकल्प चुने और फिर आगे बढ़ जाएं।
- एपिक नंबर सहित अन्य जानकारी को ठीक तरीके से भरें। अगर मतदाता पहचान पत्र खो गया है तो पुलिस रिपोर्ट मांगी जा सकती है। वहीं पहचान पत्र पुराना होने पर इसकी कोई जरूरत नहीं पड़ती है।
- पुरानी जानकारी भरने के बाद फार्म को सबमिट कर दें।
- सबमिट के बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलेगा। इसे संभाल कर रखें।
- रेफरेंस नंबर से आप कभी भी आवेदन की स्थिति को देख सकते हैं।
- एक माह में नया मतदाता पहचान पत्र आपके घर डाक से पहुंचेगा या फिर ई-एपिक भी डाउनलोड किया जा सकता है।
2.90 लाख मतदाताओं के बने हैं मतदाता पहचान पत्र
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद पहली बार 2.90 लाख मतदाताओं के नए मतदाता पहचान पत्र बनाए गए हैं। पहचान पत्रों को भेजने का कार्य शुरू हो गया है।