आगरा एयरपोर्ट का नया टर्मिनल देगा हवाई यात्रा को नई उड़ान, बढ़ेगी दूसरे शहरों से कनेक्टिविटी
आगरा एयरपोर्ट पर 33,845 वर्गमीटर में नया टर्मिनल भवन तेजी से आकार ले रहा है, जो सालाना 25 लाख यात्रियों ...और पढ़ें

आगरा एयरपोर्ट पर सिविल टर्मिनल का प्रस्तावित डिजायन।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजनगरी में हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में आगरा एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग तेजी से आकार ले रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से विकसित किए जा रहे इस आधुनिक टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा और बेहतर एयरपोर्ट अनुभव पर विशेष जोर दिया गया है।
33,845 वर्गमीटर में हो रही बिल्डिंग डेवलप
नया सिविल टर्मिनल भवन करीब 33,845 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है। इसकी वार्षिक क्षमता करीब 25 लाख यात्रियों को सेवा देने की होगी। टर्मिनल में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक चेक-इन और बैगेज सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
यहां 19 चेक-इन काउंटर और तीन बैगेज कैरोसेल होंगे। इससे यात्रियों को बोर्डिंग और सामान प्राप्त करने की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी।
मल्टीलेवल पार्किंग से लेकर डिजी यात्रा तक सुविधा
नए टर्मिनल में यात्रियों के वाहनों के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग की सुविधा होगी। साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। यात्रियों के लिए डिजी यात्रा जैसी आधुनिक तकनीक आधारित सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे एयरपोर्ट पर प्रवेश और यात्रा प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
पर्यावरण अनुकूल होगा नया टर्मिनल
नए भवन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया गया है। टर्मिनल को फाइव स्टार GRIHA रेटिंग के अनुरूप विकसित किया जाएगा। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा यह भवन आगरा एयरपोर्ट को आधुनिक और टिकाऊ बुनियादी ढांचे से जोड़ेगा।
नया टर्मिनल शुरू होने के बाद आगरा में हवाई संपर्क बढ़ने से घरेलू और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि की उम्मीद है। इससे पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल सकता है।
