गुरुद्वारा माईथान में सजेगा कीर्तन दरबार, उमड़ेंगे पूरे शहर के श्रद्धालु
-गुरु नानक का 550 साला प्रकाश पर्व, 23 नवंबर को होगा आयोजन -गुरुद्वारे में एक इंच के गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के होंगे दर्शन
आगरा: गुरु नानक के 550 साला प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा माईथान में भव्य कीर्तन दरबार 23 नवंबर को सजाया जाएगा। इसमें एक इंच के गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के दर्शन संगत कर सकेगी। गुरुद्वारा में आकर्षक सजावट की जाएगी।
गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व 23 नवंबर को मनाया जाएगा। केंद्रीय संस्था श्री गुरु सिंह सभा माईथान द्वारा इस पावन अवसर पर सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे गुरुद्वारा माईथान में कथा एवं कीर्तन दरबार का आयोजन होगा। इसका पोस्टर विमोचन मंगलवार को गुरुद्वारा माईथान में हुई प्रेसवार्ता में किया गया। गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कंवलदीप सिंह ने बताया कि दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई रणजीत सिंह इसमें हाजिरी लगाएंगे। उनके साथ सुखमनी सेवा सभा के मो¨हदर पाल सिंह, जसपाल सिंह, ज्ञानी कुलविंदर सिंह, ओंकार सिंह, हरजोत सिंह, सरबजीत सिंह दरदी, अंकित सिंह, अमरजीत सिंह कथा-कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। प्रेसवार्ता में पाली सेठी, हैड ग्रंथी कुलविंदर सिंह, बंटी ग्रोवर, परमात्मा सिंह, दविंदर सिंह, हरमिंदरपाल सिंह, विरेंदर सिंह, कुलविंदरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
सिंधु भवन पर होगी भव्य सजावट
गुरु नानक नामलेवा संगतों द्वारा सिंधी दरबार गुरुद्वारा बाबा रघुराम धाम सिंधु भवन, मालवीय कुंज पर प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। 23 नवंबर को गुरु महाराज की हजूरी में सत्संग कीर्तन दरबार शाम चार से रात आठ बजे तक कीर्तन होगा।
प्रभात फेरी आज
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को सुबह छह बजे गुरुद्वारा कलंगीधर सदर बाजार से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। गुरु ग्रंथ साहिब की सरपरस्ती में पांच प्यारों की अगुवाई में कीर्तन करते हुए संगत चलेगी।