आगरा में कारोबारी की कोठी में चोरी का पर्दाफाश, डेरे वालों ने उड़ाए थे 70 लाख के जेवरात
आगरा के कमला नगर में कारोबारी संदीप अग्रवाल के घर से 70 लाख के जेवरात चोरी के मामले में पुलिस ...और पढ़ें

कारोबारी की कोठी में घुसे चोरों का सीसीटीवी फुटेज।
जागरण संवाददाता, आगरा। कमला नगर एफ ब्लाक में कारोबारी संदीप अग्रवाल की कोठी में 70 लाख के जेवरात चोरी के मामले में पुलिस पर्दाफाश के करीब पहुंच गई है। बाइपास पर डेरा डालकर रहने वालों ने दस दिन रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया था।
सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा है, उनसे पूछताछ के बाद मुख्य आरोपितों को पकड़ने और माल बरामदगी का प्रयास कर रही है। कमला नगर एफ ब्लाक निवासी संदीप अग्रवाल की कुबेरपुर में पीवीसी के चौखट और दरवाजे बनाने की फैक्ट्री है। रविवार की रात दो बजे नकाबपोश तीन चोरों ने कोठी का जंगला काटकर प्रवेश किया था।
संदीप अग्रवाल उनकी पत्नी, ताऊ और माता-पिता के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी थी। भूतल पर बने कमरे का ताला तोडकर चोरों ने अलमारी का लाकर साफ कर दिया था। वहां रखे 70 लाख रुपये के सोने एवं हीरे के जेवरात ले गए थे।
घटना के पर्दाफाश में लगी पुलिस टीमों को कालोनी और बाइपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग से नकाबपोश चोरों का सुराग मिला। चोर घटना के बाद बाइपास से आटो में बैठकर वाटर वर्क्स चौराहे की ओर भागे थे। वहां से दूसरे आटो में सवार हुए थे। नकाबपोश एक चोर द्वारा अपनी साफी हटाने पर पुलिस को उसके चेहरे का फुटेज मिला।
जिसके आधार पर वह आरोपितों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने में सफल रही। पुलिस ने नकाबपोशों के एक साथी पकड़ा है, उससे पूछताछ में सामने आया कि घटना को न्यू आगरा क्षेत्र में डेरा डालकर रहने वालों ने अंजाम दिया था। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को चोरों के बारे में अहम सुराग मिले हैं, घटना का जल्दी ही पर्दाफाश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।